Devbrat Bajpai
देवब्रत वाजपेयी क्रिकेटकंट्री हिंदी के साथ senior correspondent के पद पर कार्यरत हैं
Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - January 28, 2016 5:41 PM IST


26 जनवरी को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडीलेड में खेले गए पहले टी20 मैच में दोनों टीमों के बीच बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिली। यह दिन दोनों देशों के राष्ट्रीय महत्व का दिन भी था जिसका असर मैदान पर साफ तौर पर देखने को मिला। मैच को एक बेहतरीन मैच बनाने के लिए हर कुछ एडीलेड में मौजूद था। चाहे लोगों के हुजूम की बात करें या टी20 क्रिकेट में बड़े-बड़े शॉट्स खेलेने वाले विशेषज्ञ बल्लेबाजों की। इस मैच में मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की झड़ी लग गई। साथ ही मैदान में कुछ ड्रामा भी देखने को मिला। बहरहाल भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर 37 रनों की जीत को हासिल करते हुए यह संदेश दे दिया कि वनडे सीरीज में महज लक के खराब होने के कारण वह लगातार हारे। वरना वह ऑस्ट्रेलिया से बेहतर क्रिकेट खेलने का माद्दा रखते हैं। यह सीरीज आगामी टी20 विश्व कप के लिए बहुत महत्वपूर्ण है ऐसे में दोनों टीमें उन सभी खिलाड़ियों को आजमाना चाहेंगी जिनके दमपर वह विश्व क्रिकेट में अपनी अलग छाप छोड़ सकें। चूंकि ऑस्ट्रेलिया पहले से ही चोटिल खिलाड़ियों की समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में उन्हें दूसरे मैच में अंतिम एकादश में कोई परिवर्तन करना थोड़ा मुश्किल होगा। आइए जानते हैं ऑस्ट्रलिया की अंतिम एकादश।
शीर्ष क्रम: ऑस्ट्रेलिया की एरन फिंच और डेविड वॉर्नर की सलामी जोड़ी विश्व क्रिकेट की सबसे विध्वंसक जोड़ी है। दोनों ने इसकी झलक पहले टी20 में भी दिखाई थी। जब दोनों ने आनन-फानन में पहले 5 ओवरों में 47 रन जोड़ लिए थे। दोनों स्टीवन स्मिथ के साथ मिलकर भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने का माद्दा रखते हैं और इन तीनों के विकेट निकालना मेहमान टीम के लिए कभी आसान नहीं होता। लेकिन खबरें आ रही हैं कि न्यूजीलैंड दौरे को देखते हुए दूसरे टी20 मैच से वॉर्नर और स्मिथ आराम ले सकते हैं तो यह बात भारत के लिए एक बड़ी राहत से कम नहीं होगी। इन दोनों की अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम में फिंच, शॉन मार्श और शेन वॉटसन होंगे, जिन्हें एक बार फिर से शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है। यहां ये भी संभावनाएं हैं कि वॉटसन और मार्श में से कोई एक फिंच के साथ ओपनिंग कर सकता है।
मध्य और निचला क्रम: एडीलेड में खेले गए पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया का मध्य क्रम भारत के स्पिन आक्रमण जडेजा और अश्विन के आगे जूझता नजर आया था। फिंच ने मैच के बाद यहां तक कहा था कि उच्च गुणवत्ता वाले भारतीय स्पिन आक्रमण के आगे 9 और 10 रन प्रति ओवर बनाना मुश्किल होता है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में ग्लेन मैक्सवेल को बहुत याद किया होगा जो इस समय चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। ऑलराउंडर खिलाड़ी मैक्सवेल को बुधवार को सालाना एलन बॉर्डर मेडल पर वनडे क्रिकेट ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया। मैक्सवेल स्पिन को बहुत अच्छी तरह से खेलते हैं और टी20 क्रिकेट के बेहतरीन खिलाड़ी हैं। परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें जरूर टीम में लौटना चाहिए। अगर वह लौटते हैं तो ऑस्ट्रेलियाई मध्यक्रम में एक अच्छा तालमेल देखने को मिलेगा।
वहीं क्रिस लिन- इस साल बीबीएल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले- और ट्रेविस हेड पर एक बार फिर से ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम को संपूर्ण करने की जिम्मेदारी होगी। लिन ने हाल ही में संपन्न हुई बीबीएल में रनों का ढेर लगा दिया था और जब भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू हुई तो लोगों को आश्चर्य हुआ कि लिन को टीम में क्यों नहीं शामिल किया गया। टी20 विश्व कप के पहले अपने आपको साबित करने के लिए उनके पास अच्छा मौका है। वहीं हेड जो पहले मैच में फ्लॉप रहे थे वह इस मैच में अपने फॉर्म में वापस लौटना चाहेंगे। निचले क्रम में मैथ्यू वेड और जेम्स फॉकनर जरूर टीम का हिस्सा होंगे।
गेंदबाजी: टी20 विश्व कप को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया टीम में पांच साल के बाद शॉन टेट की वापसी हुई है। बहरहाल वह टेस्ट से संन्यास भी ले चुके हैं। वहीं भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में वह पूरी तरह से अप्रभावशाली साबित हुए, लेकिन फिर भी ये कहना मुमकिन नहीं है कि उन्हें टीम में ना रखा जाए। पहले मैच में केन रिचर्डसन महंगे साबित हुए थे। ऐसे में ये संभावनाएं हैं कि उनकी जगह जॉन हेस्टिंग्स को ऑस्ट्रेलिया अंतिम एकादश में जगह दी जा सकती है। जॉन हेस्टिंग्स ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में बेहतरीन गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया था। कैमरून बॉयस जिन्होंने पहले टी20 मैच में अपने 3 ओवरों के स्पैल में अच्छी गेंदबाजी की थी वह इकलौते स्पिनर के तौर पर अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया संभावित अंतिम एकादश दूसरे टी20 के लिए: एरन फिंच(कप्तान), शॉन मार्श, शेन वॉटसन, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रेविस हेड, मैथ्यू वेड(विकेटकीपर), जेम्स फॉकनर, कैमरून बॉयस, केन रिचर्डसन/जॉन हेस्टिंग्स, शॉन टेट
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
