पर्थ टेस्ट: तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया 132/4, 175 रनों की बढ़त

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन कोहली-रहाणे की साझेदारी की मदद से भारत ने 172/3 का स्कोर बना लिया था।

Edited By : Cricket Country Staff |Dec 16, 2018, 07:45 AM IST

Published On Dec 16, 2018, 07:45 AM IST

Last UpdatedDec 16, 2018, 07:45 AM IST

पर्थ टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया टीम ने 4 विकेट खोकर 132 रन बना लिए। मेजबान टीम फिलहाल 175 रनों की बढ़त पर है। भारतीय टीम के लिए दिन का आखिरी सेशन अच्छा रहा। इशांत, शमी और बुमराह ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को काफी तंग किया और विकेट भी निकाले लेकिन ये कहना सही होगा कि फिलहाल ऑस्ट्रेलिया ही खेल में आगे हैं। स्टंप्स तक टिम पेन और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर टिके हुए हैं।


तीसरा सेशन: चाय से पहले शमी की गेंद पर चोटिल हुए फिंच रिटायर हर्ट हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम उनकी उंगली का एक्स-रे करवाएगी जिसके बाद वापसी पर फैसला होगा। आखिरी सेशन के लिए हैरिस का साथ देने ख्वाजा क्रीज पर आए हैं।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने भारत को पहली सफलता दिलाई। ओवर की दूसरी गेंद पर हैरिस पूरी तरह से बीट हुए। गेंद को ठीक से जज नहीं कर पाए और विकेटों की ओर जाती गेंद को छोड़ने की गलती कर दी। हैरिस 20 रन बनाकर बोल्ड हुए।

21वें ओवर में मोहम्मद शमी ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। ओवर की पांचवीं गेंद शमी ने शॉर्ट और आउटसाइड की तरफ रखी, जिसपर मार्श ने बल्ले का किनारा लगाया और पंत ने विकेट के पीछे आसान कैच पकड़ा।

26वें ओवर में अटैक में आते ही इशांत ने पहली गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। हैंड्सकॉम्ब गेंद को बिल्कुल नहीं पढ़ सके और विकेट के सामने बीट हुए। पीटर 13 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए और ट्रैविस हेड क्रीज पर आए।

41वें ओवर में मोहम्मद शमी ने ट्रेविस हेड को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। हेड ने बाहर जाती शॉर्ट गेंद पर कट शॉट लगाया और गेंद हवा में ज्यादा ऊपर चली गई। डीप थर्ड मैन पर इशांत शर्मा का एक आसान कैच।

चार विकेट खोने के बाद उस्मान ख्वाजा और टिम पेन ने पारी को संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक 12 रनों की साझेदारी बनाकर टीम को 132/4 के स्कोर तक पहुंचाया।


टी रिपोर्ट (दूसरा सेशन): 43 रनों की बढ़त के साथ बल्लेबाजी करने आए ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाजों मार्कस हैरिस और एरोन फिंच को पारी की शुरुआत में ही दो जीवनदान मिले।

तीसरे ओवर में इशांत शर्मा की आखिरी गेंद पर फिंच के पैड से लगकर गेंद विकेटकीपर के हाथो में चली गई। भारत की ओर से कैच आउट की अपील की गई। भारतीय टीम जश्न भी मनाने लगी थी लेकिन अंपायर ने नॉट आउट का शिकारा किया। पंत, इशांत और कोहली के बीच चर्चा हुई लेकिन डीआरएस नहीं लिया गया। बाद में रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले पर कहीं नहीं लगी थी।

पांचवें ओवर में इशांत शर्मा की गेंद पर एक और मौका बना। ओवर की तीसरी गेंद हैरिस के बैट के किनारे से लगकर पीछे की तरफ गई लेकिन स्लिप पर खड़े पुजारा तक नहीं गई। ना ही पंत ने आगे बढ़कर कैच पकड़ने की कोशिश की। पंत उछाल से मात खा गए।

आठवें ओवर में बुमराह की एक घातक बाउंसर गेंद सीधा हैरिस के हेलमेट पर जाकर लगी। बल्लेबाज जमीन पर गिर गए, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई फीजियो तुरंत मैदान पर आए। हैरिस ने अपना हेलमेट भी बदल दिया।

13वें ओवर की पहली गेंद पर एरोन फिंच के दाएं हाथ की उंगली पर लगी। जिसके बाद वो काफी दर्द में दिखे और फीडियो को मैदान पर बुलाया गया। इसी के साथ टी का ऐलान कर दिया गया।


भारत की पारी (दूसरा सेशन): लंच के बाद 96वें ओवर में नाथन लियोन ने ऑस्ट्रेलिया को आठवीं सफलता दिलाई। ओवर की दूसरी गेंद पर इशांत ने सामने की तरफ शॉट लगाया और लियोन ने बेहद शानदार कैच पकड़ भारत को आठवां झटका दिया। गौरतलब है कि दूसरे सेशन की पहली बाउंड्री 102वें ओवर में पंत के बल्ले से आई। इससे पहले तक हर ओवर में केवल एक या दो रन ही आ रहे थे।

102वें ओवर में लियोन की पहली गेंद पर शानदार चौका लगाने के बाद पंत ने तीसरी गेंद पर लंबा छक्का जड़ दिया। पंत को भी समझ आ गया है कि रुककर खेलने से अच्छा है कि जल्दी जल्दी रन बटोरे जाएं। ओवर की पांचवीं गेंद पर जसप्रीत बुमराह को आउट करने के साथ ही नाथन लियोन ने अपना 14वां टेस्ट पांच विकेट हॉल पूरा किया। बुमराह के 4 रन बनाकर आउट होने के साथ ही भारतीय पारी 283 रन पर सिमट गई।


लंच रिपोर्ट (पहला सेशन): तीसरे दिन के पहले ही ओवर में ही नाथन लियोन ने ऑस्ट्रेलिया को सफलता दिलाई। लियोन ने ओवर की पहली गेंद पर अर्धशतक बना चुके रहाणे को विकेट के पीछे कैच आउट कराया। उप कप्तान के आउट होने के बाद क्रीज पर आए हनुमा विहारी ने कप्तान के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

81वें ओवर में मिशेल स्टार्क की गेंद पर चौके के साथ विराट कोहली ने अपना 25वां टेस्ट शतक पूरा किया। और इसी के साथ वो सर्वाधिक टेस्ट शतक की सूची में इंजमाम उल हक के बराबर आए गए हैं। कोहली के शतक की मदद से 200 का आंकड़ा पार करने के बाद 86वें ओवर में भारत ने पांचवां विकेट खोया। ओवर की तीसरी गेंद पर हनुमा विहारी जोश हेजलवुड की बेहतरीन आउटस्विंगर पर विकेटकीपर पेन को आसान सा कैच दे बैठे।

93वें ओवर में कमिंस की तीसरी गेंद पर कोहली बल्ले का किनारा लगा बैठे और गेंद दूसरी स्लिप की तरफ गई। वहां मौजूद फील्डर पीटर हैंड्सकॉम्ब ने शानदार कैच पकड़ा, जिसके बाद फील्ड अंपायर ने कोहली को आउट दिया। लेकिन कैच एकदम साफ नहीं था, जिसके चलते तीसरे अंपायर की मदद ली गई। रीप्ले में भी हैंड्सकॉम्ब का कैच बिल्कुल सही दिखा। जिसके बाद कोहली की शतकीय पारी 123 रनों पर खत्म हुई।

कप्तान का विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए मोहम्मद शमी अगले ही ओवर में नाथन लियोन की दूसरी गेंद पर बल्ले का किनारा देकर टिम पेन के हाथों शून्य पर कैच आउट हो गए। इसी के साथ ही लंच ब्रेक का ऐलान भी कर दिया गया।


दूसरे दिन का खेल: भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली और उप कप्तान अजिंक्य रहाणे की 90 रनों की शानदार साझेदारी के दम पर पर्थ टेस्ट के दूसरे दिन तीन विकेट खोकर 173 रन बना लिए थे। दूसरे दिन के खेल की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया टीम को 326 पर समेटा था। जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की सलामी जोड़ी एक बार फिर फेल रही।

भारत की पहली पारी के तीसरे ही ओवर की आखिरी गेंद पर मिचेल स्टार्क ने मुरली विजय को क्लीन बोल्ड किया। वहीं लंच से वापस आते ही छठे ओवर की पहली ही गेंद पर जोश हेजलवुड ने केएल राहुल को आउट किया। एडिलेड टेस्ट के नायक रहे चेतेश्वर पुजारा ने कप्तान कोहली के साथ 62 रनों की साझेदारी जरूर बनाई लेकिन चाय के बाद 39वें ओवर में स्टार्क ने पुजारा को विकेट के पीछे कैच आउट कराया। तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान और उप कप्तान ने दिन खत्म होने तक पारी को संभाले रखा और भारत को बड़े स्कोर की तरफ ले गए।

Editor's Pick