मांजरेकर का BCCI पर आरोप- रोहित शर्मा की इंजरी को लेकर अब भी साफ नहीं है स्थिति

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा बुधवार को टीम इंडिया के साथ सिडनी रवाना नहीं हुए हैं।

Edited By : India.com Staff |Nov 12, 2020, 05:58 PM IST

Published On Nov 12, 2020, 05:58 PM IST

Last UpdatedNov 12, 2020, 05:58 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के 13वें सीजन के फाइनल मैच से एक दिन पहले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाले टेस्ट स्क्वाड में शामिल कर बीसीसीआई ने एक बार फिर इस सलामी बल्लेबाज की इंजरी को लेकर शुरू हुए विवाद को बढ़ा दिया है।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा की फिटनेस को लेकर अभी तक स्थिति बिल्कुल भी साफ नहीं है। रोहित को आईपीएल में मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत रही थी, लेकिन बीसीसीआई अभी तक उनकी चोट को लेकर शांत है जबकि बोर्ड की ओर से बाकी चोटिल खिलाड़ियों की स्थिति लेकर जानकारी दी गई है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पाकिस्तान के यूट्यूब चैनल क्रिककास्ट से बात करते हुए मांजरेकर ने कहा, “रोहित की फिटनेस को लेकर स्थिति बिल्कुल भी स्पष्ट नहीं है। मुझे भरोसा है कि बीसीसीआई का इस पर कोई स्टैंड होगा और इसी तरह रोहित का। लोगों को जब जानकारी नहीं मिलती है तो अटकलों का दौरा शुरू हो जाता है। इसलिए मुझे बिल्कुल नहीं पता है कि क्या चल रहा है।”

चोट के बाद भी रोहित आईपीएल में मुंबई के लिए फाइनल मैच खेले और अर्धशतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को पांचवां खिताब जिताया।

रोहित के टेस्ट में शामिल करने के साथ बोर्ड ने ये भी ऐलान किया कि कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के बाद स्वदेश लौट आएंगे।

मांजरेकर को लगता है कि चार-पांच खिलाड़ियों को दूसरे खिलाड़ियों की चोट या किसी और कारण के चलते ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब ऑस्ट्रेलिया जैसे लंबे दौरे के लिए टीम की घोषणा की जाती है तो हमें लगता है कि ये टीम खेलेगी। लेकिन जैसे-जैसे चीजें होती हैं हमें पता चलेगा कि दौरे के अंत तक जो खिलाड़ी भारत में हैं वो आस्ट्रेलिया में खेल रहे होंगे।”

उन्होंने कहा, “मुझे इसमें कोई शक नहीं है कि अगर रोहित फिट हो जाएंगे तो वो खेलेंगे। सूर्यकुमार यादव को भी किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर रिप्लसेमेंट के तौर पर मौका मिलेगा जैसा की आम तौर पर दौरे पर होता है।”

सूर्यकुमार ने इस बार आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 480 रन बनाए और टीम की जीत के सूत्रधार बने। उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर टीम में शामिल ना किए जाने को लेकर कई लोगों ने चयनसमिति की जमकर आलोचना की थी।

Editor's Pick