नागपुर वनडे : कोहली का शानदार शतक, भारत 250 रन पर ऑलआउट

कप्तान विराट कोहली ने 120 गेंद पर 10 चौकों की मदद से खेली 116 रनों की पारी खेली।

Edited By : Cricket Country Staff |Mar 05, 2019, 05:42 PM IST

Published On Mar 05, 2019, 05:42 PM IST

Last UpdatedMar 05, 2019, 05:42 PM IST

विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने भारत को 48.2 ओवर में 250 रन पर ऑलआउट कर दिया। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने 120 गेंद पर 10 चौकों की मदद से खेली 116 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने चार विकेट हासिल किए जबकि एडम जाम्पा को दो विकेट मिले।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस का शिकार बने। रोहित जब आउट हुए तब टीम का खाता भी नहीं खुला था। कोहली मैदान पर आए और शिखर धवन (21) के साथ टीम को 38 के स्कोर तक पहुंचाया। ग्लेन मैक्सवेल ने धवन को एलबीडब्ल्यू कर भारत को दूसरा झटका दिया।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अंबाती रायडू (18) ऑफ स्पिनर नेथन लियोन की गेंद पर आउट हुए। भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन हो गया था। विजय शंकर को बल्लेबाजी के लिए ऊपर भेजा जहां उन्होंने पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली। विजय दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।

कोहली ने जाम्पा की गेंद पर सीधा शॉट खेला जो जाम्पा की उंगली से टकरा कर विकेटों पर जा लगा। विजय क्रीज से बाहर थे और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। कोहली और विजय के बीच चौथे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी निभाई।

पिछले मैच के हीरो केदार जाधव (11) और महेंद्र सिंह धोनी (0) को जाम्पा ने दो लगातार गेंद पर आउट कर भारत को संकट में ला दिया। कोहली एक छोर पर खड़े रहे। रविंद्र जडेजा (21) ने कोहली के साथ 87 रन जोड़ टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जाना जारी रखा। कमिंस की गेंद पर जडेजा 238 के कुल स्कोर पर उस्मान ख्वाजा के हाथों लपके गए।

अपने करियर का 40वां शतक लगाने वाले कोहली की पारी का अंत भी कमिंस ने 48वें ओवर में किया। कुलदीप यादव तीन रनों का योगदान दे सके। नाथन कुल्टर नाइल ने जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारतीय पारी का अंत किया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने 9 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए। जाम्पा को दो विकेट मिले। नाइल, मैक्सवेल और लियोन को एक-एक विकेट मिला।

Editor's Pick