मैक्सवेल का शतक, 7 विकेट से जीता ऑस्ट्रेलिया, टी20 सीरीज पर कब्जा
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को दो मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से हराया।
Published On Feb 27, 2019, 06:39 PM IST
Last UpdatedFeb 27, 2019, 06:39 PM IST
भारत के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने ग्लेन मैक्सवेल की धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर 7 विकेट से जीत हासिल की। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी के दम पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने मैक्सवेल की 113 रन की नाबाद पारी की बदौलत आखिरी ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत से मिले 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही और उसने 22 रनों के अंदर ही मार्कस स्टोयनिस (7) और कप्तान एरॉन फिंच (8) का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद मैक्सवेल ने डी आर्की शॉर्ट (40) के साथ तीसरे विकेट 73 रन की साझेदारी की। शॉर्ट टीम के 95 के स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 28 गेंदों पर छह चौके लगाए।
शॉर्ट के आउट होने के बाद मैक्सवेल ने पीटर हैंड्सकोंब (नाबाद 20) के साथ चौथे विकेट के लिए 99 रनों की अविजित साझेदारी कर दो गेंद शेष रहते टीम को शानदार जीत दिला दी।
मैक्सवेल का टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में यह तीसरा शतक है। उन्होंने 55 गेंदों पर सात चौके और नौ शानदार छक्के लगाए। हैंड्सकोंब ने 18 गेंदों पर एक चौका लगाया।
भारत की ओर से विजय शंकर ने दो और सिद्धार्थ कौल ने एक विकेट लिए।
इससे पहले, कप्तान विराट कोहली ने टी20 क्रिकेट में 20वां अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने 38 गेंद पर 6 छक्के और 2 चौकों की मदद से 72 रन की नाबाद पारी खेली।
के एल राहुल के रूप में भारत को पहला झटका लगा वह 26 गेंद पर 47 रन बनाकर आउट हुए। शिखर धवन भारत की तरफ से आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी रहे। धवन ने 24 गेंद खेलकर 14 रन बनाए और बेहरेनडोर्फ की गेंद पर स्टोइनिस को कैच दे बैठे। उनके कैच पर कुछ संदेह था लेकिन थर्ड अंपायर ने फील्ड अंपायर को सही ठहराते हुए धवन को आउट करार दिया।
रिषभ पंत लगातार दूसरे मुकाबले में कुछ खास करने में नाकाम रहे। 6 गेंद खेलकर महज 1 रन बनाकर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में पंत अपना विकेट गंवा बैठे। महेंद्र सिंह धोनी 23 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय पारी में 5वां ओवर करने आए झाय रिचर्ड्सन के ओवर में के एल राहुल ने 15 जबकि उसके बाद पैट कमिंस के ओवर में 14 रन बनाए। दोनों ही ओवर में राहुल ने दो लगातार गेंद पर दो छक्के लगाए।
ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच के लिए अपनी अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं, भारत ने तीन बदलाव किए हैं। मेजबान टीम ने रोहित शर्मा की जगह शिखर धवन, मयंक मार्कंडेय की जगह विजय शंकर और उमेश यादव की जगह सिद्धार्थ कौल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया था।
Australia win the toss and elect to bowl first in the final T20I at Bengaluru.
How many runs will #TeamIndia put on board? #INDvAUS pic.twitter.com/2oTgNmFhu2
— BCCI (@BCCI) February 27, 2019
टीम :
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन , केएल राहुल, रिषभ पंत, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, सिद्धार्थ कौल, विजय शंकर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया : एरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शॉट, पैट कमिंस, जेसन बेहरनडोर्फ, ग्लैन मैक्सवेल, नाथन कुल्टर नाइल, पीटर हैंड्सकॉम्ब, झाय रिचर्डसन, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, एडम जम्पा।