- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs Australia 3rd Test: Ishant Sharma gets furious at Matt Renshaw in first session of Day 5
मैट रेनशॉ पर बिफर पड़े ईशांत शर्मा, गुस्से में दूर फेंक दी गेंद
मैट रेनशॉ को ईशांत ने आउट किया और अजीबोगरीब ढंग से जश्न मनाते नजर आए।
Published On Mar 20, 2017, 12:40 PM IST
Last UpdatedMar 20, 2017, 12:40 PM IST

ईशांत शर्मा अक्सर मैदान पर अपना आपा खोते रहते हैं। इसी क्रम में एक बार फिर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में खेले जा रहे तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के पांचवें दिन वह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैट रेनशॉ पर बिफर पड़े। दरअसल ईशांत ने गेंदबाजी करने के लिए अपना रन अप लिया और जैसे ही वह गेंद फेंकने जा रहे थे, रेनशॉ बल्लेबाजी छोर से हट गए। इस बात ने ईशांत का पारा चढ़ा दिया और उन्होंने पूरी तरह से क्रुद्ध होते हुए गेंद को स्टंप्स की ओर फेंक दिया और रेनशॉ के पास जाकर कुछ कहा। बाद में विराट कोहली आए और मामले को शांत करवाया। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि रेनशॉ ने इस बात को तवज्जो नहीं दी और अपने खले पर ध्यान दिया। लेकिन यहीं से ईशांत लय में आ गए।
ईशांत जो अब तक मैच में कोई विकेट नहीं ले पाए थे अब वह ओवर में प्रभावी नजर आने लगे थे। उन्होंने कुछ बाउंसर मारीं, फिर कुछ शॉर्ट गेंदों से बल्लेबाज को टेस्ट किया और इसी बीच एक नीची रहने वाली गेंद पर उन्होंने रेनशॉ को एल्बीडब्ल्यू आउट कर दिया। रेनशॉ को आउट करने के बाद ईशांत पूरे जोश में आ गए और अजीबोगरीब तरीके से अपने विकेट लेने की खुशी मनाई। खेल भावना के तौर पर देखा जाए तो ईशांत का यह व्यवहार कतई अच्छा नहीं था।
वैसे अच्छी बात ये रही कि न स्टीवन स्मिथ और न ही रेनशॉ ने ईशांत को पलटकर जवाब देना ठीक समझा। वैसे ये पहला मौका नहीं है जब ईशांत अपने रूखे व्यवहार के लिए सुर्खियों में आए हैं। इसके पहले बेंगलुरू टेस्ट में स्टीवन स्मिथ को उन्होंने मुंह बनाकर चिढ़ाया था। जिसको लेकर वह कई दिनों तक सोशल मीडिया और न्यूज चैनलो में छाए रहे थे। ईशांत शर्मा पिछले कुछ समय से ज्यादा विकेट लेने में सफल नहीं हो रहे हैं। इसीलिए गाहे- बगाहे उनकी निराशा कुछ इस तरह से अक्सर निकल आती है।