- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs Australia, 3rd Test: Sunil Gavaskar states hosts’ lacked another bowler at Ranchi
गावस्कर ने बताई तीसरे टेस्ट के ड्रॉ होने की असली वजह
मैच के पांचवें दिन ऑस्ट्रेलिया ने 204/6 का स्कोर बना लिया था और टेस्ट ड्रॉ हो गया।
Published On Mar 21, 2017, 10:27 AM IST
Last UpdatedMar 21, 2017, 10:27 AM IST

नई दिल्ली। महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर को लगता है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ड्रॉ हुए तीसरे टेस्ट में भारत को पांचवें गेंदबाज की कमी खली। गावस्कर की राय थी कि रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा अच्छी फॉर्म में हैं और बल्लेबाजी कर सकते हैं तो भारत अंतिम एकादश में पांचवें गेंदबाज को शामिल कर सकता था ताकि चार गेंदबाजों के आक्रमण का बोझ कम हो जाता। गावस्कर ने एनडीटीवी से कहा, “भारत की बल्लेबाजी को फायदा होता है क्योंकि आपके पास रविचंद्रन अश्विन जैसा खिलाड़ी है, रिद्धिमान साहा जैसा खिलाड़ी है। और अगर जडेजा भी रन जुटाते हैं तो, जैसा कि उन्होंने इस सीरीज में किया है तो मुझे लगता है कि आप पांच गेंदबाज और छह बल्लेबाजों के साथ उतर सकते हो।”
उन्होंने कहा, “आज निश्चित रूप से भारत को पांचवें गेंदबाज की कमी खली। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि पांचवां गेंदबाज विपक्षी टीम को ध्वस्त कर देता लेकिन इससे हमारे कड़ी मेहनत करने वाले तेज गेंदबाजों को थोड़ा ब्रेक मिल गया होता। दोनों उमेश(यादव) और ईशांत(शर्मा) ने बेहतरीन गेंदबाजी की।” ये भी पढ़ें: विराट कोहली ने बताई मैच ड्रॉ होने की वजह
इससे पहले मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 451 का स्कोर बनाया। जवाब में टीम इंडिया ने पहली पारी 603/9 के स्कोर के साथ घोषित कर दी। इस तरह टीम इंडिया ने मैच में 152 रनों की बढ़त ले ली थी और यहां से लगा कि टीम इंडिया मैच में पकड़ बना सकती है। चौथे दिन के खेल के अंतिम आठ ओवरों में जडेजा ने कमाल दिखाया और दो विकेट निकाल लिए।
अंतिम दिन लंच के पहले टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के 63 रनों पर चार विकेट गिरा दिए थे लेकिन बाद के ओवरों में भारतीय गेंदबाज ये कारनामा जारी नहीं रख सके और मैच ड्रॉ हो गया। इस तरह मैच के पांचवें दिन पीटर हैंड्सकॉम्ब के 72* और शॉन मार्श के 55 रनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया के मुंह से जीत छीन ली और रांची टेस्ट ड्रॉ करवा दिया। जब मैच ड्रॉ हुआ तब ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 204 का स्कोर बना लिया था।