नागपुर वनडे में रोहित शर्मा के शतक जड़ने के बाद ट्विटर पर मचा धमाल

मैन ऑफ द मैच रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें वनडे में 125 रनों की शानदार पारी खेली।

Edited By : Gunjan Tripathi |Oct 02, 2017, 09:09 AM IST

Published On Oct 02, 2017, 09:09 AM IST

Last UpdatedOct 02, 2017, 09:09 AM IST

रोहित शर्मा (Image courtesy: AFP)

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पांचवें वनडे में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 125 रनों की धमाकेदार पारी खेली। रोहित की इस पारी की मदद से टीम इंडिया ने ये मैच 7 विकेट से जीत लिया और आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंच गई। हिटमैन रोहित शर्मा की इस शानदार पारी के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। फैंस ने कहा कि कंगारुओं का शिकार करने के लिए रोहित पर ऑस्ट्रेलिया की कोर्ट में केस दर्ज हो गया होगा। वहीं कुछ ने कहा कि रोहित शर्मा की जगह कोई और खिलाड़ी बल्लेबाजी कर रहा है।

 

 

रोहित ने 243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 109 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 125 रन बनाए। ये रोहित के वनडे करियर का 14वां शतक था, इस पारी के साथ रोहित ने अपने 6,000 वनडे रन भी पूरे कर लिए। रोहित भारत के लिए सबसे तेज 6,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड हमेशा ही अच्छा रहा है और अब वो कंगारू टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा 9 शतक लगाने के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड से केवल 3 कदम दूर हैं। रोहित शर्मा ना केवल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बल्कि साल 2017 में सबसे ज्यादा वनडे छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। [ये भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने लगाया 14वां वनडे शतक, साथ ही बना डाले 4 बड़े रिकॉर्ड]

 

 

 

रोहित ने इस साल वनडे मैचों में 29 छक्के लगाए हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके नाम कुल 58 छक्के हैं। मैन ऑफ द मैच रोहित की इस पारी की बदौलत भारत ने 43 ओवर में मैच जीत पांच मैचों की ये सीरीज 4-1 से जीत ली। अब टीम इंडिया को 7 अक्टूबर से शुरू होने वाली टी20 सीरीज से पहले लंबा आराम मिलेगा।

Editor's Pick