IND vs AUS- Ajinkya Rahane में आक्रामकता और धैर्य का शानदार मिश्रण : Sachin Tendulkar

सचिन तेंदुलकर ने मेलबर्न टेस्ट में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी और बैटिंग देखकर उनकी तारीफ में यह बड़ी बात कही है.

Edited By : India.com Staff |Dec 30, 2020, 08:34 PM IST

Published On Dec 30, 2020, 08:34 PM IST

Last UpdatedDec 30, 2020, 08:34 PM IST

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई टीम इंडिया से कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) पितृत्व अवकाश के लिए भारत लौट चुके हैं. इस बीच टीम की कमान कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने बखूबी संभाल ली है. टीम इंडिया इन दिनों 4 टेस्ट मैच की सीरीज (India vs Australia Test Series) खेल रही है और उसे एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद रहाणे ने अपनी शानदार कप्तानी और बल्लेबाजी से बेहतरीन अंदाज में उबारा है. रहाणे ने अपनी कप्तानी से सभी को अपना मुरीद बना लिया और इसमें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) भी पीछे नहीं हैं.

तेंदुलकर ने दूसरे टेस्ट मैच के बाद इस बॉर्डर-गावस्कर (Border Gavaskar) सीरीज पर समाचार एजेंसी पीटीआई को एक कास इंटरव्यू दिया है. इसमें मास्टर ब्लास्टर ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी और शानदार बैटिंग की जमकर तारीफ की है. सचिन ने रहाणे के अलावा रविचंद्रन अश्विन (R. Ashwin), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और एडिलेड में डेब्यू करने वाले शुबमन गिल (Shubman Gill) और मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj) के बेहतरीन खेल की भी तारीफ की है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

47 वर्षीय सचिन ने रहाणे की कप्तानी और मुश्किल हालात में उनके शतक की सराहना की. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह हमारी टीम का शानदार प्रदर्शन था, जिस तरह हमारी टीम खेलने सक्षम रही और जिस तरह अजिंक्य ने टीम की अगुआई की. साथ ही अगर आप सीनियर क्रिकेट और उनके योगदान को देखो तो यह काफी अच्छा रहा. रहाणे की 11र रन की इस पारी में सतर्कता और आक्रामकता का शानदार मिश्रण देखने को मिला.’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी की. वह शांत थे लेकिन उसका रवैया आक्रामक था. कह सकते हैं कि उनमें धैर्य के साथ-साथ आक्रामकता का बिलकुल सही मिश्रण था.’

इसके अलावा उन्होंन जसप्रीत बुमराह के योगदान की भी तारीफ की. सचिन ने कहा, ‘तेज गेंदबाजी विभाग में, बुमराह ने आक्रमण के अगुआ के रूप में अधिक जिम्मेदारी ली और जब भी खिलाड़ी निराश थे तो उन्होंने और कड़ा प्रयास किया. यह चैंपियन गेंदबाज का संकेत है.’

इसके अलावा उन्होंने इस टेस्ट मैच में डेब्यू करने वाले शुबमन गिल और मोहम्मद सिराज की भी तारीफ की. गिल ने इस टेस्ट में 45 और नाबाद 35 रन की पारी खेली, वहीं सिराज ने यहां 5 विकेट लेकर तेज गेंदबाजी में अपने हुनर को साबित किया.

तेंदुलकर ने गिल के संदर्भ में कहा, ‘शुबमन आत्मविश्वास से भरपूर और सहज दिखे. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की शॉर्ट पिच गेंदबाजी पर कुछ अच्छे शॉट खेले. शीर्ष क्रम में 45 और 35 रन की पारी खेलना निश्चिततौर पर अच्छी शुरुआत है.’ उन्होंने सिराज के बारे में कहा, ‘सिराज की गेंदबाजी को मत भूलिए. ऐसा लगा ही नहीं कि वह अपना पहला टेस्ट खेल रहे हैं.’

अपने करियर में 200 टेस्ट खेलने वाले इस महान खिलाड़ी ने कहा कि भारत की जीत के सबसे बड़े कारणों में से एक मध्य और निचले मध्य क्रम में तीन बहुआयामी क्रिकेटरों की मौजूदगी थी. उन्होंने कहा, ‘जडेजा ने अच्छी बल्लेबाजी की. हम पांच गेंदबाजों के बारे में बात करते रहते हैं लेकिन छठे नंबर पर ऋषभ पंत, 7वें नंबर पर जडेजा और 4 शतक के साथ आठवें नंबर पर अश्विन के होने से भी मदद मिली.’

उन्होंने कहा, ‘जडेजा और अजिंक्य के बीच साझेदारी अहम थी. इन दोनों ने बहुमुल्य रन जोड़े और इसने उन्हें (ऑस्ट्रेलिया) दबाव में डाला. पंत ने भी महत्वपूर्ण रन जुटाए.’

इनपुट : भाषा

Editor's Pick