- Home
- News
- India vs australia bcci in favor of players after bio bubble violation controversy said this is bad way to put pressure on the team 4305230
बायो बबल उल्लंघन विवाद में खिलाड़ियों के पक्ष में उतरी बीसीसीआई; कहा- ये टीम पर दबाव बनाने का 'बुरा तरीका'
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज का तीसरा मैच खेला जाना है।
Published On Jan 03, 2021, 09:17 AM IST
Last UpdatedJan 03, 2021, 09:17 AM IST
बीसीसीआई ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बायो सिक्योर बबल प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर आइसोलेशन में गए पाचों खिलाड़ियों- रोहित शर्मा, रिषभ पंत, शुबमन गिल, पृथ्वी शॉ और नवदीप सैनी का पूरा समर्थन किया है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने शनिवार को जारी किए बयान में बताया कि कथित उल्लंघन के बाद इन पांच खिलाड़ियों को बाकी स्क्वाड से अलग रखा जाएगा और ये जांच की जाएगी कि मामला वाकई में बायो सिक्योर प्रोटोकॉल उल्लंघन का है या नहीं। चूंकि बीसीसीआई ने पहले अपने स्तर पर जांच से इनकार किया लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बाद में कहा कि मामले की संयुक्त जांच की जा रही है।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने बयान में कहा, ‘‘बीसीसीआई और सीए जांच कर रहे हैं कि जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन तो नहीं हुआ है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को आज इस वीडियो पोस्ट के बारे में बताया गया जिसमें दिखाया गया है कि रोहित शर्मा, रिषभ पंत, शुभमन गिल, पृथ्वी शॉ और नवदीप सैनी नए साल के दिन मेलबर्न के इंडोर रेस्तरां में खाना खा रहे थे।’’
भारतीय क्रिकेट बोर्ड इस मुद्दे पर अपने खिलाड़ियों का पूरा साथ देगा क्योंकि खिलाड़ियों का कहना है कि जान बूझकर कोई उल्लंघन नहीं किया गया है। दरअसल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रोटोकॉल के तहत इन खिलाड़ियों को इनडोर रेस्तरां में भोजन ना करने के साथ सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने की भी मनाही है लेकिन वे पैदल टहल सकते हैं।
जाहिर है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट इससे नाराज है। बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘‘खिलाड़ी रेस्तरां के बाहर खड़े थे और बूंदाबांदी होने के कारण अंदर गए थे। अगर तीसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम पर दबाव बनाने के लिए ये किया गया है तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का ये बुरा तरीका है।’’
ये पूछने पर कि क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया तीन खिलाड़ियों (रोहित, पंत और गिल) को अगले टेस्ट में खेलने ले रोक सकता है, अधिकारी ने कहा, ‘‘पहली बात तो ये है कि उन्हें अभ्यास की अनुमति दी गई है। दूसरा, हमें नहीं लगता कि बात यहां तक पहुंचेगी क्योंकि ऐसा होने पर उसके विपरीत परिणाम होंगे।”