- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs Australia: David Warner hints Aaron Finch’s comeback in Playing XI
तीसरे वनडे में लौट रहा है ये तूफानी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज, अब गेंदबाजों की खैर नहीं
फिंच पिछले कुछ समय से चोटिल होने के कारण बाहर चल रहे थे।
Published On Sep 23, 2017, 01:48 PM IST
Last UpdatedSep 23, 2017, 01:48 PM IST

इंदौर। डेविड वॉर्नर के अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने और हिल्टन कार्टराइट की असफलता को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया रविवार को यहां होने वाले तीसरे वनडे से पहले एरन फिंच की वापसी को लेकर बेताब है जिन्होंने आज यहां नेट्स पर अभ्यास भी किया। फिंच मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पहले दो वनडे में नहीं खेल पाए थे। इन दो मैचों में वॉर्नर ने केवल 26 रन बनाए जबकि फिंच की जगह पारी की शुरूआत करने वाले कार्टराइट दोनों मैचों में एक — एक रन ही बना पाए। वॉर्नर ने भी आज उम्मीद जतायी कि फिंच कल उनके साथ पारी का आगाज करने के लिये फिट हो जाएंगे।
वार्नर ने कहा, “आप सभी जानते हैं कि वह किस तरह के बल्लेबाज हैं। वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और पहले भी हमारे लिए काफी खेल चुके हैं। उनकी मौजूदगी से शीर्ष क्रम में आक्रामकता बनी रहती है। उन्हें वापसी के लिए कड़ा अभ्यास करते हुए देखना अच्छा लगा। उम्मीद है कि वह रविवार के मैच के लिए फिट हो जाएंगे।” फिंच टीम के साथ आज सुबह होलकर स्टेडियम में पहुंचने के बाद खुद को मैच के लिये फिट करने की प्रक्रिया में जुटे रहे।
वॉर्नर, ग्लेन मैक्सवेल, ट्रेविस हेड और मेथ्यू वेड के बाद उन्होंने नेट पर भी जमकर पसीना बहाया। वॉर्नर ने थ्रोबॉल पर अधिक अभ्यास किया जबकि मैक्सवेल ने एडम जांपा और एशटन एगर के सामने लंबे शॉट खेले। कप्तान स्टीव स्मिथ ने नेट पर आने से पहले कुछ समय इंडोर विकेट पर बिताया। अगर फिंच की वापसी होती है तो फिर कार्टराइट को बाहर बैठना होगा और वॉर्नर ने उनके प्रति पूरी सहानुभूति जतायी क्योंकि वह दुनिया की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीमों के खिलाफ खेल चुके हैं। [ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के लिए बुरी खबर, इंदौर में भी कुलदीप यादव-चहल करेंगे परेशान!]
वॉर्नर ने कहा, “किसी भी युवा खिलाड़ी के लिये इस तरह की परिस्थितियों में नयी जिम्मेदारी में उतरना आसान नहीं होता है। यह काफी मुश्किल काम है। जब आप विश्व स्तर पर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम के खिलाफ खेल रहे हों तो कुछ दबाव होता है। वह बेहद मेहनती और उर्जावान खिलाड़ी हैं।”