शॉन मार्श बोले- मैं केवल वनडे क्रिकेट पर ही कर रहा हूं फोकस
शॉन मार्श ने भारत के खिलाफ एडिलेड वनडे के दौरान खेली थी शतकीय पारी।
Published On Jan 16, 2019, 02:55 PM IST
Last UpdatedJan 16, 2019, 02:55 PM IST
Shaun Marsh (File Photo) @ AFP
एडिलेड वनडे में शॉन मार्श ने 123 गेंद पर 131 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। जिसकी मदद से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के समक्ष 299 रनों का लक्ष्य रखा। हालांकि इसके बावजूद भी वो टीम को जीत दिला पाने में सफल नहीं हो सके। मार्श इन दिनों वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन पिछले एक साल में उनका टेस्ट करियर डगमगाता नजर आया है। उन्होने टेस्ट करियर को लेकर मंगलवार को बयान दिया।
पढ़ें:- ऑस्ट्रेलिया के लौटने के बाद घर से बाहर नहीं निकले हार्दिक पांड्या
शॉन मार्श इस वक्त केवल वनडे क्रिकेट पर ही फोकस करना चाहते हैं। टेस्ट क्रिकेट में भविष्य को लेकर वो इस वक्त ज्यादा परेशान नहीं हैं। शॉन मार्श से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि दोबारा टेस्ट क्रिकेट में उन्हें मौका मिलेगा। इसपर उन्होंने कहा, “मैं इसे लेकर बहुत ज्यादा आश्वस्त नहीं हूं। ये एक ऐसी चीज है जिसे लेकर मैं ज्यादा परेशान होने नहीं जा रहा हूं। मैं इस वक्त केवल वाइट बॉल क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहा हूं। देखते हैं आगे क्या होता है।”
पढ़ें:- सबसे बड़े मैच फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी, स्ट्राइक रेट में नंबर वन
शॉन मार्श भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के दौरान असरदार नजर नहीं आए थे। चार मैचों के दौरान सात पारियों में उनके बल्ले से 26.14 की औसत से महज 183 रन निकले थे। ऑस्ट्रेलिया के यूएई दौरे के दौरान भी दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में वो केवल 14 रन ही बना पाए थे। मार्श ने कहा, “टेस्ट क्रिकेट में मेरा प्रदर्शन पिछले 12 महीनों में निराशाजनक रहा है। ऐसे में मैं प्रयास कर रहा हूं कि अपने दिमाग को इन सब चीजों से मुक्त करते हुए मौजूदा सीरीज में फोकस करूं।”
विश्व कप 2019 मई-जून में इंग्लैंड में खेला जाएगा। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को फरवरी में भारत और फिर यूएई में पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज खेलनी है। मार्श का ध्यान इस वक्त इन टूर्नामेंट पर है।