This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
India vs Australia: 5 विकेट लेकर Mohammed Siraj ने पिता को किया याद, बोले- पूरा करना है यह काम
ब्रिसबेन टेस्ट में 5 विकेट अपने नाम करने वाले मोहम्मद सिराज ने कहा कि यह पिता से मिली प्रेरणा का परिणाम है. उनकी हर इच्छा को पूरा करना चाहता हूं.
Written by India.com Staff
Last Published on - January 18, 2021 5:38 PM IST

अपने करियर का मात्र तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) इस ब्रिसबेन टेस्ट (India vs Australia Brisbane Test) में भारतीय बॉलिंग अटैक के सीनियर मेंबर हैं. इस युवा गेंदबाज ने भारतीय पेस अटैक की अगुआई करने में जरा भी कमी नहीं दिखाई और ब्रिसबेन टेस्ट में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत को अभी भी इस मैच में बनाया हुआ है. मैच के चौथे दिन उन्होंने 73 रन देकर 5 अहम विकेट अपने नाम किए. इस गेंदबाज ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया. दिन का खेल खत्म होने के बाद इस युवा गेंदबाज ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए कहा कि मेरा भारत के लिए क्रिकेट खेलना मेरे पिता की इच्छा थी और मुझे यह काम बखूबी पूरा करना है.
गाबा मैदान में एक पारी में 5 विकेट लेने वाले भारत के 5वें गेंदबाज बन गए हैं. सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के साथ खेली जा रही 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में कुल 134.1 ओवर फेंके हैं, जो भारतीय गेंदबाजों में सबसे ज्यादा हैं. वह इस सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. इसके अलावा मैदान पर उनकी फील्डिंग भी काफी चुस्त दिखी है. अपनी इस बेहतरीन फिटनेस का श्रेय उन्होंने लॉकडाउन के दौरान फिट रहने के लिए की गई एक्सरसाइज को दिया.
https://twitter.com/ICC/status/1351052568777134082?s=20
चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद सिराज मीडिया से रू-ब-रू हुए. इस दौरान उन्होंने फिटनेस पर किए गए सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘इसके लिए मैं सोहम भाई (सोहम देसाई, स्ट्रैंग्थ एंड कंडीशनिंग कोच) का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरे लिए एक कार्यक्रम डिजाइन किया और मेरी ट्रेनिंग पर काम किया. फिटनेस काफी अहम है. मैंने लॉकडाउन से ही अपने आप पर काम किया है. मुझे उनसे नियमित कार्यक्रम मिल रहे हैं, जो मैं लॉकडाउन में भी फॉलो कर रहा था. मुझे अब पता चला कि फिटनेस कितनी जरूरी है, खासकर टेस्ट क्रिकेट में.’
26 वर्षीय इस युवा तेज गेंदबाज ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर अपना डेब्यू किया था. उनका यह दौरा काफी भावुक रहा. ऑस्ट्रेलिया में आने के कुछ दिन बाद ही उनके पिता का निधन हो गया था, लेकिन वह क्वॉरंटीन में रहने के कारण पिता के अंतिम संस्कार में नहीं जा सके. इसके बाद सीरीज में उन्होंने शानदार आगाज किया. इस दौरान उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों द्वारा नस्लीय टिप्पणियों का भी शिकार होना पड़ा. लेकिन इस जुझारू गेंदबाज ने खेल से अपना फोकस हटने नहीं दिया.
TRENDING NOW
ब्रिसबेन में 5 विकेट लेने के बाद जब उनसे पूछा गया कि इतने भावुक दौरे पर सफलता हासिल कर कैसा महूसस कर रहे हैं. इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले मैं भगवान का शुक्रिया करना चाहता हूं कि मुझे खेलने का मौका मिला. यह मेरे पिता की इच्छा थी कि उनका बेटा खेले और पूरी दुनिया उसे देखे. काश वह होते और देख पाते तो वह काफी खुश होते. यह उनका आशीर्वाद है कि मैं 5 विकेट ले पाया। मेरे पास इसे बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं.’
उन्होंने कहा, ‘मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मैं 5 विकेट ले सका. यह काफी मुश्किल स्थिति है. मेरे पिता नहीं हैं. मैंने अपने घर पर बात की, अपनी मां से बात की. उन्होंने मुझे प्रेरित किया. मुझे मजबूत किया. उनके समर्थन से मुझे मानसिक तौर पर काफी मजबूर मिली. मुझे लगता है कि पिता की इच्छा थी वो मुझे पूरी करनी हैं.’
