टेस्ट सीरीज हारने के बाद स्टीवन स्मिथ ने मांगी माफी

पूरी सीरीज में स्टीवन स्मिथ विवादों में घिरे रहे

Edited By : Anoop Dev Singh |Mar 28, 2017, 01:27 PM IST

Published On Mar 28, 2017, 01:27 PM IST

Last UpdatedMar 28, 2017, 01:27 PM IST

स्टीवन स्मिथ © AFP
स्टीवन स्मिथ © AFP

टीम इंडिया से धर्मशाला टेस्ट में 8 विकेट से हारने के बाद कंगारू कप्तान स्टीवन स्मिथ ने सभी भारतीय फैंस से माफी मांगी। स्टीवन स्मिथ ने कहा ‘सीरीज के दौरान मैंने कई दफा खुद को भावनाओं में बहने दिया, जिसके लिए मैं माफी मांगता हूं। ये सीरीज मेरे करियर की सबसे शानदार सीरीज में से एक सीरीज रही, टीम इंडिया एक शानदार टीम है वो जीत की हकदार है, खासकर अपने घर पर विराट की सेना को हराना मुश्किल है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ये सबसे मुश्किल हालातो में से एक थे, फिर भी हमने टीम इंडिया को चुनौती दी जिसके लिए मुझे अपनी टीम पर गर्व है।’ आपको बता दें स्टीवन स्मिथ ने सीरीज के दौरान कई बड़ी गलतियों को अंजाम दिया। बेंगलुरू टेस्ट के दौरान स्टीवन स्मिथ ने डीआरएस के लिए ड्रेसिंग रूम की मदद लेने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई। धर्मशाला टेस्ट के दौरान भी उन्होंने मुरली विजय को ड्रेसिंग रूम से गाली दी और उन्हें चीटर(बेईमान) कहा।[ये भी पढ़ें: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया धर्मशाला टेस्ट का पूरा स्कोरकार्ड यहां देखें]

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने धर्मशाला में हार का कारण भी बताया, स्मिथ ने कहा ‘सोमवार को दूसरे सेशन में हमने 5 विकेट गंवा दिए और हम वहीं से पीछे हो गए। टीम इंडिया ने शानदार गेंदबाजी की खासकर उमेश यादव ने। कई लोगों ने हमें सीरीज से पहले ही दरकिनार कर दिया था, सभी कह रहे थे कि हम 4-0 से ये सीरीज हारेंगे लेकिन हमने अच्छा मुकाबला किया। हां हमने कुछ गलतियां की जो कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ नहीं करनी चाहिए।’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

स्टीवन स्मिथ ने भारत के 27वें टेस्ट वेन्यू धर्मशाला के मैदान और उसकी पिच की काफी तारीफ की। स्मिथ ने बयान दिया ‘धर्मशाला की पिच बेहद ही शानदार थी, पिच में उछाल और तेजी दोनों थी जो कि हमें पसंद है। साथ ही पिच में स्पिनर्स के लिए उछाल भी था।’ धर्मशाला टेस्ट में मददगार पिच होने के बावजूद भले ही ऑस्ट्रेलिया मैच और सीरीज दोनों हार गया लेकिन उसके कप्तान स्टीवन स्मिथ सीरीज के सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे। मुश्किल पिचों पर स्मिथ ने 4 टेस्ट में 71.28 के औसत से 499 रन बनाए। स्मिथ ने 3 शतक लगाकर साबित किया कि आखिर क्यों उन्हें दुनिया का नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज कहा जाता है।

Editor's Pick