This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों के मुंह से Ajinkya Rahane की कप्तानी की तारीफ सुनकर गदगद हैं सुनील गावस्कर
रिकी पोंटिंग, एडम गिलक्रिस्ट, माइकल हसी और शेन वॉर्न जैसे दिग्गज रहाणे की कप्तानी की तारीफों के पूल बांधते नजर आए
Written by India.com Staff
Last Published on - December 30, 2020 9:07 AM IST

India vs Australia: अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच (Boxing Day Test) में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से पराजित कर दिया. इस टेस्ट मैच में रहाणे ने आगे बढ़कर मोर्चा संभाला. पहली पारी में शतक जड़ने के बाद दूसरी पारी में वह 27 रन पर नाबाद लौटे. रहाणे के इस जज्बे की दिग्गजों से जमकर सराहना मिल रही है.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) का कहना है कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ियों ने कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे की नेतृत्वक्षमता की प्रशंसा की.
भारत ने मेलबर्न टेस्ट जीतकर चार मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत में गावस्कर ने कहा, ‘जिस तरह से वह (रहाणे) टीम का नेतृत्व कर रहे थे उसके लिएउनकी जो प्रशंसा हो रही थी उसको समझने के लिए आपको ऑस्ट्रेलियाई कमेंट्री बॉक्स के आसपास होना चाहिए और इनमें कुछ ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज भी शामिल थे जो कमेंट्री बॉक्स में थे.’
उन्होंने कहा, ‘इसलिए यह देखकर खुशी हुई कि वे लोग उनकी नेतृत्वक्षमता के लिए तारीफ कर रहे हैं. इनमें रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting), एडम गिलक्रिस्ट (Adam Gilchrist), माइकल हसी (Michael Hussey) , शेन वॉर्न (Shane Warne) जैसे दिग्गज शामिल थे जो रहाणे की कप्तानी की प्रशंसा कर रहे थे.’
गावस्कर ने हालांकि स्पष्ट किया कि विराट कोहली (Virat Kohli) टेस्ट कप्तान हैं और उनके पितृत्व अवकाश से लौटने के बाद उन्हें ही यह जिम्मेदारी संभालनी चाहिए.
उन्होंने कहा, ‘रहाणे कार्यवाहक कप्तान हैं. एक कार्यवाहक कप्तान या एक कार्यवाहक बल्लेबाज या नई गेंद का गेंदबाज या ऑफ स्पिनर आप तब अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं और जब मुख्य खिलाड़ी की वापसी होती है तो आपको उसके लिए जगह खाली करनी होती है.’
गावस्कर से पूछा गया कि क्या अब ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव होगा, उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर. वे इस तरह की स्थिति के आदी नहीं हैं. जब भी वे पहला टेस्ट जीत लेते हैं तब सीरीज जीत जाते हैं. कुछ पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर 4-0 की बात कर रहे थे. अब आप जान गए हैं कि यह कैसी टीम है. यह ऐसी टीम नहीं है जो आपको खुद पर हावी होने का मौका देती है.’
सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 7 जनवरी 2021 से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. इस टेस्ट में रोहित शर्मा की वापसी होगी जो शुरुआती दो मैचों में नहीं खेल पाए थे.
