- Home
- News
- India vs australia sydney test team india players and support staff test negative for covid 19 4306916
India vs Australia: Sydney Test से पहले कोरोना टेस्ट में पास हुई टीम इंडिया
Sydney Test: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों का तीन जनवरी 2021 को कोविड-19 के लिए आरटी-पीसीआर परीक्षण कराया गया था
Published On Jan 04, 2021, 11:18 AM IST
Last UpdatedJan 04, 2021, 11:18 AM IST
Sydney Test: अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच 4 मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 7 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (Sydney Cricket Ground) पर खेला जाएगा. सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बरबरी पर हैं. सिडनी टेस्ट के लिए टीम इंडिया ने बॉक्सिंग डे टेस्ट के बाद मेलबर्न में ही अपनी तैयारी शुरू कर दी थी.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का कहना है कि भारतीय टीम और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट मैच से पहले कराया गया नया कोविड-19 टेस्ट (COVID-19 Test) नेगेटिव आया है.
बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों का तीन जनवरी 2021 को कोविड-19 के लिये आरटी-पीसीआर परीक्षण कराया गया था. सभी परीक्षणों का परिणाम नेगेटिव आया है. ’
भारत के पांच खिलाड़ियों उप कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma), सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल (Shubman Gill), विकेटकीपर रिषभ पंत (Rishabh Pant), तेज गेंदबाज नवदीप सैनी (Navdeep Saini) और बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) का एक इंडोर रेस्टोरेंट में खाना खाने का वीडियो सामने आने के बाद इन सभी को अलग थलग कर दिया गया था जिसके बाद परीक्षण कराए गए थे.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने घोषणा की थी कि बीसीसीआई के साथ मिलकर संयुक्त जांच की जा रही है कि इन खिलाड़ियों ने श्रृंखला के लिये तैयार किये गए जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल (Bio-Bubble Protocol) का उल्लंघन तो नहीं किया. इन पांचों खिलाड़ियों को हालांकि अभ्यास करने और सिडनी मैच के लिए टीम के साथ यात्रा करने की अनुमति दी गई थी.
एडिलेड में खेले गए डे नाइट टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 8 विकेट से हराया था जबकि बॉक्सिंग डे टेस्ट में टीम इंडिया ने मेजबान को शिकस्त दी थी.