- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs Australia: Team India couldn’t practice outdoor due to rain in Ranchi
रांची टी20: बारिश के कारण टीम इंडिया नहीं कर पाई प्रैक्टिस
धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर 3-0 से मात देकर इतिहास रचा था। अब बारी विराट की है।
Published On Oct 06, 2017, 02:46 PM IST
Last UpdatedOct 06, 2017, 02:46 PM IST

रांची। भारी बारिश के कारण भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रही टी20 श्रृंखला से पूर्व अपने पहले अभ्यास सत्र को रद्द करने के लिए बाध्य होना पड़ा। अलग अलग समूहों में यहां पहुंची विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम को यहां जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में शाम को अभ्यास करना था लेकिन लगभग 45 मिनट की बारिश के कारण उन्हें टीम होटल में ही रुकने को बाध्य होना पड़ा। खाली समय में टीम इंडिया के खिलाड़ी इनडोर फुटबॉल खेलते नजर आए।
When rain forces you to move inside, you can still devise your own game using the space that is available #TeamIndia #INDvAUS pic.twitter.com/PIub7Hl8MC
— BCCI (@BCCI) October 6, 2017
ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि दोपहर में बिना किसी अड़चन के अभ्यास किया। जेएससीए के एक अधिकारी ने कहा कि सात अक्टूबर को मैच के दिन बारिश के कारण मैच रद्द होने का कोई खतरा नहीं है। अधिकारी ने कहा, ‘‘इस समय इस तरह की बारिश सामान्य है। लेकिन अच्छी चीज यह है कि बारिश होने के बाद रुक जाती है और साल के इस समय लंबे समय तक नहीं चलती। मैच के लिए मैदान को तैयार करने के लिए हमारे पास पर्याप्त उपाय हैं।’’
ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में 4-1 से हराने के बाद अब टीम इंडिया टी20 सीरीज में अपना दम दिखाएगी। 7 अक्टूबर से शुरू हो रही 3 मैचों की टी20 सीरीज में भी उसका लक्ष्य जीत से कम कुछ नहीं होगा। वैसे आपको बता दें इस सीरीज में टीम इंडिया के पास एक तीर से दो निशाने लगाने का मौका है। टीम इंडिया टी20 सीरीज में जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया को तो हराएगी ही साथ में इस जीत से उसके पास पाकिस्तान को भी मात देने का मौका है। दरअसल अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से जीत हासिल करती है तो वो आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर 5 से नंबर 2 पर पहुंच जाएगी। मौजूदा रैंकिंग में पाकिस्तानी टीम की टी20 रैंकिंग 2 है और टीम इंडिया की क्लीन स्वीप की जीत से उससे ये रैंकिंग छिन जाएगी। [ये भी पढ़ें: रांची में स्टीवन स्मिथ के कंधे में लगी चोट, अस्पताल में हुआ MRI स्कैन]
अब आप सोच रहे होंगे कि ऑस्ट्रलिया का क्लीन स्वीप करना टीम इंडिया के लिए इतना आसान नहीं रहेगा लेकिन ये भी सच है कि टीम इंडिया ऐसा कर चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2016 में हुई टी20 सीरीज में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का क्लीन स्वीप किया था। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर 3-0 से मात देकर इतिहास रचा था। अब तो टीम इंडिया अपनी धरती पर खेल रही है, उसके खिलाड़ियों को टी20 क्रिकेट का खासा अनुभव है ऐसे में अगर वो ऑस्ट्रेलिया को एक बार फिर 3-0 से हरा दे तो कोई हैरान करने वाली बात नहीं होगी।