- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs Australia: Virat Kohli 11th Indian to play most consecutive Tests
विराट कोहली मैदान पर नहीं उतरे, फिर भी रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाया अपना नाम
विराट कोहली की गैर- मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया की कमान संभाल रहे हैं।
Published On Mar 25, 2017, 10:29 AM IST
Last UpdatedMar 25, 2017, 10:29 AM IST

रांची में खेले गए तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में विराट कोहली फील्डिंग करते समय कंधे में चोट लगवा बैठे थे। जिसके बाद वह टेस्ट मैच में अधिकतर सेशन के दौरान मैदान के बाहर बैठे रहे। हालांकि, उम्मीद की जा रही थी कि कोहली धर्मशाला में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट के पहले फिट हो जाएंगे लेकिन ऐसा हो नहीं सका और आखिरकार उन्होंने खुद ही अपने आपको प्लेइंग इलेवन से बाहर करने का निर्णय ले लिया। कोहली जो भारतीय टीम की ओर से अब तक 57 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। वह लगातार 54 टेस्ट मैच खेलने के बाद बाहर हुए हैं।
इस तरह बिना ड्रॉप हुए लगातार सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले वह 11वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वह अंतिम बार नवंबर 2011 में कोलकाता में वेस्ट इंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान बाहर हुए थे। भारत की ओर से लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। गावस्कर ने साल 1975 से लेकर साल 1987 तक लगातार 106 टेस्ट खेले। दूसरे नंबर पर राहुल द्रविड़ हैं। द्रविड़ ने साल 1996 से 2006 तक लगातार 93 टेस्ट खेले।
कोहली के फिट न होने पर अजिंक्य रहाणे को धर्मशाला टेस्ट में टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। रहाणे ने टॉस सेशन के दौरान कोहली के बारे में कहा,”मैं विराट के जज्बे को सलाम करता हूं। जो हमारी टीम में फिट नहीं होता वह साधारणतया अपने आपको बाहर कर लेता है और वही उन्होंने किया। यह एक अच्छी पिच दिखाई देती है और पहले दो दिन अच्छा खेलेगी। हमारे लिए यह जरूरी है कि बढ़िया शुरुआत करें क्योंकि हम चार गेंदबाजों के साथ खेल रहे हैं। अगर शुरुआत में हम कुछ विकेट ले लेते हैं तो मैच वहां से बदल जाएगा। तैयारी अच्छी हुई है। और हर किसी ने इस सीरीज में अच्छा योगदान दिया है। भुवनेश्वर कुमार को टीम में ईशांत की जगह वहीं कुलदीप यादव को टीम में कोहली की जगह शामिल किया गया है।” [भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, चौथा टेस्ट, लाइव क्रिकेट स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें…]
कोहली के लिए यह सीरीज अब तक बुरे सपने की तरह रही। उन्होंने इस सीरीज में पांच पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 9.20 की खराब औसत से महज 46 रन बनाए हैं। उनकी जगह टीम में चाइनामेन गेंदबाज कुलदीप यादव को शामिल किया गया है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि वह कितना असर दिखा पाते हैं।