विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में टीम आजमाना चाहेगा भारत

ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की सीरीज का पहला टी-20 मैच रविवार को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।

Edited By : Cricket Country Staff |Feb 23, 2019, 07:30 PM IST

Published On Feb 23, 2019, 07:30 PM IST

Last UpdatedFeb 23, 2019, 07:30 PM IST

Virat Kolhi, Aaron Finch (Getty Images)

भारतीय क्रिकेट टीम आज विशाखापत्तनम में पहले टी-20 मैच के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज की शुरूआत करेगी। इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप से पहले भारतीय टीम की ये आखिरी सीमित ओवर फॉर्मेट सीरीज होगी, ऐसे में टीम इंडिया के पास स्क्वाड की आखिरी बची-कुची परेशानियां हल करने का मौका रहेगा।

पढ़ें: जानिए, कैसा हो सकता है पहले टी20 में भारत का प्लेइंग इलेवन

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

दो स्पॉट्स के लिए जद्दोजहद

टीम में ज्यादातर खिलाड़ियों के स्थान सुनिश्चित हैं, केवल दो स्थान ही ऐसे हैं जिसके लिए विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री इन दो टी-20 मैच से विश्व कप टीम के दावेदारों के प्रदर्शन को देखना चाहेंगे।

रिषभ पंत और विजय शंकर हैं प्रबल दावेदार

कप्तान कोहली तीन हफ्ते के ब्रेक के बाद लौटे हैं, वो रिषभ पंत और विजय शंकर जैसे खिलाड़ियों पर कड़ी नजर रखें होंगे जो इस सूची में जगह बनाने के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। विश्व कप की दौड़ में दिनेश कार्तिक को वनडे टीम से बाहर करने के बाद पंत को खुद का दावा मजबूत करने के लिए कुछ और मौके मिलेंगे। विजय शंकर के लिए भी ये अपना दावा मजबूत करने का अच्छा मौका होगा।

पढ़ें: विश्व कप से पहले कुछ और वनडे मैच खेलना बेहतर होता: विराट कोहली

विजय शंकर दिखा चुके हें कि वो बल्ले से आक्रामक प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन सवाल उनकी गेंदबाजी पर है। वहीं दिनेश कार्तिक भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। खुद को साबित करने के लिए उनके पास सिर्फ ये दो टी-20 मैच ही होंगे क्योंकि उन्हें पहले ही वनडे टीम से बाहर कर दिया गया है।

बुमराह की वापसी से गेंदबाजी विभाग होगा मजबूत

भारत के नंबर एक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से गेंदबाजी विभाग में मजबूती आएगी जो न्यूजीलैंड के खिलाफ थोड़ा फीका लगा था। बुमराह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 विकेट पूरे करने से केवल दो विकेट दूर हैं और ये उपलब्धि सिर्फ रविचंद्रन अश्विन के नाम है जो अभी टीम से बाहर चल रहे हैं।

लेग ब्रेक गेंदबाज मयंक मार्कंडेय भी टीम में हैं लेकिन भारतीय टीम के युजवेंद्र चहल और क्रुणाल पांड्या के साथ ही उतरने की संभावना है जिन्होंने हाल के समय में घरेलू टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है।

भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 रिकॉर्ड

हालांकि खेल के इस छोटे प्रारूप में भारतीय टीम का प्रदर्शन निरंतर अच्छा नहीं रहा है, टीम को हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज 1-2 से हार मिली थी। भारत भले ही टी20 में ऑस्ट्रेलिया से जीत के रिकॉर्ड में 11-6 से आगे हो लेकिन उसके खिलाफ पिछली दो सीरीज- अपनी सरजमीं पर 2017 और फिर ऑस्ट्रेलिया में 2018 में स्कोर 1-1 से बराबर रहा है।

वर्ष 2016 में भारत ने महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 से आखिरी सीरीज जीत दर्ज की थी और इस बार कोहली की टीम स्कोर 2-0 करना चाहेंगे। लेकिन इससे ज्यादा ये सीरीज विश्व कप के लिए ‘ड्रेस रिहर्सल’ का काम करेगी क्योंकि कोहली विश्व कप से पहले टीम को आजमाना चाहेंगे।

2018 के शानदार प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे कोहली

कोहली भी 2018 में शानदार प्रदर्शन के बाद रन जुटाना चाहेंगे, उन्होंने सभी फॉर्मेट के 38 मैचों में 2,735 रन बनाकर साल खत्म किया था। उन्होंने वनडे में 14 पारियों में 133.55 के लाजवाब औसत से 1,202 रन बनाए थे, जिसमें छह शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 टी-20 में उनका औसत 61 रन रहा है, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं।

ऑस्‍ट्रेलिया के 6 खिलाड़ी बीबीएल में खेलकर आए हैं

एरोन फिंच की टीम ने तीन महीने पहले भारत के खिलाफ हुई सीरीज के बाद से टी20 मैच नहीं खेला है लेकिन उनके छह खिलाड़ी बिग बैश लीग में खेलकर यहां पहुंचे हैं। बीबीएल फाइनल 17 फरवरी को खेला गया, जिसके प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट डार्सी शॉर्ट ने इस सीजन में होबार्ट हरिकेंस के लिए 15 मैच में 53.08 के औसत से 637 रन जोड़े। वहीं केन रिचर्डसन गेंदबाजी में सबसे ऊपर रहे, जिन्होंने कुल 24 विकेट हासिल किए।

टीम इंडिया का संभावित प्लेइंग इलेवन: शिखर धवन, रोहित शर्मा (उपकप्तान), विराट कोहली (कप्तान), रिषभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, विजय शंकर, क्रुणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव

ऑस्ट्रेलिया का का संभावित प्लेइंग इलेवन: एरोन फिंच (कप्तान), एलेक्स केरी (विकेटकीपर), डार्सी शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, पैट कमिंस, झाय रिचर्डसन, केन रिचर्डसन, नाथन कूल्टर-नाइल, जेसन बेहरेनडोर्फ, एडम जम्पा।

Editor's Pick