- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs England 2nd Test Day 4 Live Cricket Score Streaming, Ind vs Eng Live Score
भारतीय टीम को लॉर्ड्स टेस्ट में मिली पारी और 159 रन से शर्मनाक हार
जेम्स एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए नौ विकेट निकाले।
Published On Aug 12, 2018, 03:16 PM IST
Last UpdatedAug 12, 2018, 03:16 PM IST
England Cricket Team © Getty Image
लॉर्ड्स टेस्ट में भारतीय टीम को पारी और 159 रन से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 107 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में इंग्लैंड ने बोर्ड पर 396/7 रन ठोककर 289 रनों की बढ़त हासिल कर ली। मैच के चौथे दिन भारतीय टीम आखिरी सेशन में 130 रन पर ऑलआउट हो गई।
इंग्लैंड के लिए मैच के हीरो गेंदबाजी में जेम्स एंडरसन रहे जिन्होंने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में चार विकेट निकाले। ऑल राउंडर क्रिस वोक्स ने 137 रन की नाबाद पारी खेल इंग्लैंड को बड़ी बढ़त दिलाई। वोक्स ने दोनों पारियों में दो-दो विकेट भी निकाले। उन्हें मैन ऑफ द मैच दिया गया। इस हार के साथ ही भारत पांच मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ गया है।
अश्विन ने भारत की तरफ से बनाए सबसे ज्यादा रन
भारतीय टीम के तरफ से दोनों ही पारियों में बल्लेबाजी क्रम नाकाम रहा। दोनों पारियों में अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। अश्विन ने पहली पारी में टीम के लिए 29 रन जोड़े। इसी तरह दूसरी पारी में भी बल्लेबाजों के फ्लॉप होने के बाद नाबाद 33 रन बनाए। दूसरी पारी में अश्विन के बाद हार्दिक पांड्या ने 43 गेंद पर 26 रनों की पारी खेली। पहली इनिंग में अश्विन के बाद कप्तान विराट कोहली ने 23 रन बनाए थे।
मौसम ने दिया इंग्लैंड का साथ
पहले दिन का खेल बारिश से प्रभावित रहा। दूसरे दिन टॉस हारने के बाद भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा तो बार-बार बारिश के चलते परेशान रहा। इंग्लैंड ने बारिश के कारण स्विंग होती गेंदों का अच्छे से फायदा उठाया। जेम्स एंडरसन ने पांच विकेट निकाल भारत को महज 107 के स्कोर पर ही ऑलआउट कर दिया।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी के दौरान खिली रही धूप
मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड बल्लेबाजी करने उतरा तो पूरे दिन धूप खिली रही, जिसके कारण भारतीय तेज गेंदबाजों को ज्यादा स्विंग नहीं मिली। क्रिस वोक्स के शतक और जोनी बेयरस्टो की 93 रन की पारी की मदद से इंग्लैंड ने 88.1 ओवर खेल 397/7 रन ठोक दिए। सैम कर्रन 40(9) के आउट होने के बाद इंग्लैंड ने 289 रन की बढ़त के साथ चौथे दिन के पहले सेशन में पारी घोषित कर दी।
दोनों पारियों में फ्लॉप हुए बल्लेबाज
चौथे दिन भारतीय टीम की बल्लेबाजी आते ही एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। स्विंग कंडीशन में भारत 130 रनों पर ऑलआउट हो गया। चौथी पारी में 61 रन के स्कोर पर ही आधी भारतीय टीम पवेलियन लौट गई। मुरली विजय दोनों पारियों में शून्य पर आउट हुए। केएल राहुल ने 10 रन बनाए तो अजिंक्य रहाणे 13 रन पर स्टूअर्ट ब्रॉड का शिकार बने। कप्तान विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा ने 17-17 रन बनाए तो अजिंक्य रहाणे 13 रन पर आउट हुए।