ओपनिंग करेंगे रोहित-कोहली तो क्या केएल राहुल का पत्ता साफ?

इंंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भारत के लिए पारी की शुरुआत की थी।

Edited By : India.com Staff |Mar 22, 2021, 08:53 AM IST

Published On Mar 22, 2021, 08:53 AM IST

Last UpdatedMar 22, 2021, 08:53 AM IST

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने फॉर्म से बाहर चल रहे केएल राहुल (KL Rahul) का समर्थन करते हुए कहा है कि टी20 विश्व कप के लिए टीम में राहुल की दावेदारी खारिज करना फिलहाल जल्दबाजी होगी। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद रोहित ने कहा है कि इस साल होने वाले टी20 विश्व कप में अभी समय है और टूर्नामेंट में हमारा बल्लेबाजी क्रम कैसा होगा इस बारे में चर्चा करना अभी जल्दबाजी होगी।

इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में रोहित के साथ कप्तान विराट कोहली ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर उतरे थे और दोनों की जोड़ी इस मुकाबले में सफल रही थी तथा उनके बीच बनी 94 रनों की साझेदारी के दम पर भारत ने 224 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टी20 को जीतकर सीरीज पर 3-2 से कब्जा जमाने के बाद कोहली ने कहा था कि वो आगे भी ओपनिंग करने के लिए तैयार हैं। हालांकि रोहित का कहना है कि टीम ने इस मुकाबले में जो बल्लेबाजी क्रम तय किया था इसका मतलब ये नहीं कि टी20 विश्व कप के लिए इस बल्लेबाजी क्रम को हरी झंडी मिल रही है।

रोहित ने कहा, “टी20 विश्व कप में अभी काफी समय है। टूर्नामेंट में हमारा बल्लेबाजी क्रम कैसा होगा इर बारे में बात करना अभी जल्दबाजी होगी। हमें एनालिसिस करना होगा और सोचना होगा कि टीम के लिए क्या बेस्ट है। इस मुकाबले में हमने अलग रणनीति अपनाई क्योंकि हम चाहते थे कि टीम में एक अतिरिक्त गेंदबाज खेले, इसके लिए किसी एक बल्लेबाज को बाहर होना था और दुर्भाग्य से वो बल्लेबाज राहुल रहे। ये कठिन फैसला था।”

उन्होंने कहा, “हमें पता है कि सीमित ओवर के खेल में राहुल हमारे टीम के अहम खिलाड़ी हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए टीम मैनेजमेंट ने सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन के साथ खेलने का फैसला किया लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि राहुल को देखा नहीं जा रहा है। ये बस एक मैच की बात थी।”

रोहित ने कहा, “जब हम टी20 विश्व कप के करीब पहुंचेंगे तो हमें राहुल की क्षमता का पता चलेगा और हम समझ सकेंगे कि शीर्ष स्थान पर उनक योगदान कैसा रहा है। मैं किसी भी स्थिति को खारिज नहीं कर रहा हूं और ना ही मैं ये कहा रहा हूं कि ये विश्व कप के लिए बेहतर बल्लेबाजी क्रम है। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा और हमारे पास काफी समय है। विश्व कप से पहले आईपीएल है और मैंने सुना है कि टी20 विश्व कप से पहले कुछ टी20 मुकाबले भी होंगे।”

उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ ये कहना चाहता हूं कि इन पांच मुकाबलों से किसी भी फैसले को नहीं लें। ये पांच मैच निजी तौर पर से हमारे लिए अच्छे थे और हमें इससे पता चला कि एक टीम के तौर पर हम कहां खड़े हैं। लेकिन इस एक सीरीज से हमें बेहतर प्लेइंग का सिग्नल नहीं मिल रहा है। अभी हमें लंबा सफर तय करना है।”

Editor's Pick