- Home
- News
- India vs england rishabh pant rohit sharma and shubman gill confirm for chennai test kuldeep yadav will be in the scheme says virat kohli 4397795
India vs England: कप्तान कोहली ने कहा- रोहित और गिल करेंगे पारी की शुरुआत, पंत का खेलना तय
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के साथ भारतीय कप्तान विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के बाद प्लेइंग इलेवन में वापसी करेंगे।
Published On Feb 04, 2021, 05:29 PM IST
Last UpdatedFeb 04, 2021, 05:29 PM IST
इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में होने वाले पहले टेस्ट मैच से एक दिन पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
अपने पहले बच्चे के जन्म की वजह से ऑस्ट्रेलिया दौरा बीच में छोड़कर स्वदेश लौटे कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के साथ प्लेइंग इलेवन में वापसी करेंगे। कप्तान कोहली भारतीय टेस्ट प्लेइंग इलेवन में अपने निर्धारित चौथे नंबर पर खेलेंगे। यानि कि बल्लेबाजी क्रम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
चेन्नई टेस्ट से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोहली ने टीम की प्लेइंग इलेवन से जुड़े कई अहम सवालों से जवाब दिए।
इंग्लैंड के खिलाफ किस सलामी जोड़ी को चुनेगी टीम इंडिया?
कप्तान कोहली ने साफ किया कि भारतीय टीम मैनेजमेंट इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और शुबमन गिल (Shubman Gill) की जोड़ी को ही मौका देग यानि कि मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) बाहर बैठ सकते हैं। उन्होंने कहा, “हम रोहित शर्मा और शुबमन गिल को टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के रूप में और मौके देंगे।”
चेन्नई टेस्ट में कौन होगा टीम इंडिया का विकेटकीपर बल्लेबाज?
ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल था कि टेस्ट क्रिकेट में ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) जैसे स्पेशलिस्ट विकेटकीपर को मौका दें या फिर निचले क्रम की बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए रिषभ पंत (Rishabh Pant) को चुने जिनकी विकेटकीपिंग औसत दर्जे की है।
कप्तान कोहली ने इस सवाल के जवाब में कहा कि पंत इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज होंगे। उन्होंने कहा, “रिषभ पंत कल खेलेगा। ऑस्ट्रेलिया में वो काफी प्रभावी रहा था और वो अच्छे मानसिक स्पेस में है, हम उसे बरकरार रखेंगे।आईपीएल के बाद उसने अच्छी वापसी की है और अपनी फिटनेस और खेल पर काफी काम किया है। हम उसे बेहतर होता देख काफी खुश हुए।”
चेन्नई टेस्ट में कुलदीप यादव को मौका….
इस वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान कोहली ने ये भी साफ किया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक भी टेस्ट मैच नहीं खेल सके स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का अहम हिस्सा होंगे। यानि कि चेन्नई टेस्ट में ये चाइनामैन गेंदबाज प्लेइंग इलेवन में नजर आ सकते हैं।