- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs england u19 world cup final raj bawa ravi kumars brilliant bowling restricts england on 189 5224848
India vs England, U19 World Cup Final: राज बावा-रवि कुमार की शानदार गेंदाबजी के सामने 189 पर ढेर हुई इंग्लैंड
भारत ने अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में शनिवार को इंग्लैंड को 44.5 ओवर में 189 रन पर आउट कर दिया।
Published On Feb 05, 2022, 10:47 PM IST
Last UpdatedFeb 05, 2022, 10:47 PM IST
तेज गेंदबाज राज बावा (Raj Bawa) के शानदार पांच विकेट हॉल और रवि कुमार (Ravi Kumar) के चार विकेटों की मदद से भारत ने अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में शनिवार को इंग्लैंड को 44.5 ओवर में 189 रन पर आउट कर दिया। भारत के सामने पांचवां विश्व कप जीतने के लिए 190 रनों का लक्ष्य है।
बावा ने 9.5 ओवर में 31 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि बायें हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने 34 रन देकर चार विकेट चटकाए। इंग्लैंड के लिए जेम्स रीयू (95) और जेम्स सेल्स (34) ने आठवें विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की।
यश ढूल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड को दूसरे ही ओवर में झटका दिया जब रवि ने जैकब बेथेल (दो) को सस्ते में आउट किया। शुरूआती झटके के बावजूद जॉर्ज थॉमस ने राजवर्धन हंगरगेकर के अगले ओवर में एक छक्के और दो चौकों समेत 14 रन निकाले। रवि ने एक बार फिर भारत को सफलता दिलाते हुए इंग्लैंड के कप्तन टॉम प्रेस्ट को पवेलियन भेजा। प्रेस्ट खाता भी नहीं खोल सके और इंग्लैड के दो विकेट चौथे ओवर में 18 रन पर निकल गए।
दूसरे छोर पर थॉमस ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए रवि को दो चौके लगाए। हंगरगेकर ने पहले स्पैल में 19 रन दिये जिसके बाद भाारतीय कप्तान धुल ने गेंदबाजी में बदलाव किया। उन्हें कामयाबी भी मिल जाती लेकिन बावा की गेंद पर स्लिप में कौशल ताम्बे ने थॉमस का कैच छोड़ा।
इंग्लैंड को इस समय पर बड़ी साझेदारी की जरूरत थी लेकिन बावा ने थॉमस को खराब शॉट खेलने पर मजबूर किया और गेंद कवर पर ढूल के हाथों में गई।
इंग्लैंड का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 37 रन था। स्कोर 50 रन होने से पहले विलियम लक्सटन ने बावा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे दिया। जॉर्ज बेल को बावा ने विकेट के पीछे दिनेश बाना के हाथों लपकवाया।
इसके बाद रेहान अहमद ने बावा की गेंद पर पहली स्लिप में ताम्बे को कैच दिया। ऑफ स्पिनर ताम्बे ने एलेक्स हर्टोन को धुल के हाथों लपकवाया। उस समय इंग्लैंड 100 रन से सात रन पीछे थी। इसके बाद रीयू और जेम्स सेल्स ने पारी को संभााला।