प्रैक्टिस मैच; पहले दिन का स्कोर 322/6, कार्तिक शतक के करीब

भारत ने तीसरे ओवर में पांच रन के स्कोर तक ही दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन दिन का खेल होने तक छह विकेट पर 322 रन बनाने में सफल रही।

Edited By : Viplove Kumar |Jul 25, 2018, 03:44 PM IST

Published On Jul 25, 2018, 03:44 PM IST

Last UpdatedJul 25, 2018, 03:44 PM IST

कप्तान विराट कोहली समेत चार बल्लेबाजों के अर्धशतक की बदौलत भारत ने खराब शुरुआत से उबरते हुए एसेक्स के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में अच्छी वापसी की। भारत ने तीसरे ओवर में पांच रन के स्कोर तक ही दो विकेट गंवा दिए थे लेकिन दिन का खेल होने तक छह विकेट पर 322 रन बनाने में सफल रही।

कप्तान कोहली (68) और सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (53) ने चौथे विकेट के लिए 90 रन जोड़कर भारत को खराब शुरुआत से उबारा। इन दोनों के हालांकि 13 रन के भीतर पवेलियन लौटने के बाद लोकेश राहुल (58) और दिनेश कार्तिक (नाबाद 82) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा छठे विकेट के लिए 114 रन की अटूट साझेदारी करके भारतीय पारी को संवारा।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

कार्तिक ने अब तक 94 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके जड़े हैं। हार्दिक पंड्या 33 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपनी पहली और पारी की तीसरी ही गेंद पर विकेटकीपर जेम्स फास्टर को कैच दे बैठे। उन्हें मैट कोल्स ने आउट किया।

कोल्स ने अपने अगले ओवर में खराब फार्म से जूझ रहे चेतेश्वर पुजारा को भी पवेलियन की राह दिखा दी जिन्होंने सात गेंद में एक रन बनाया। उनका कैच भी फास्टर ने लपका। विजय और अजिंक्य रहाणे (17) ने इसके बाद लगभग 15 ओवर में एसेक्स के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा। हालांकि जब लग रहा था कि इन दोनों बल्लेबाजों ने मुश्किल समय बिता दिया है जब रहाणे भी मैथ्यू क्विन की गेंद पर फास्टर को कैच दे पवेलियन लौट गए।

विजय को कप्तान कोहली के रूप में इसके बाद उम्दा जोड़ीदार मिला। विजय ने जहां ठोस बल्लेबाजी का नजारा पेश किया वहीं कोहली ने खुलकर बल्लेबाजी की और कई आकर्षक शाट खेले। विजय ने क्विन की गेंद पर चौके के साथ 104 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि कोहली ने पाल वाल्टर की गेंद पर लगातार दो चौकों के साथ 67 गेंद में 50 रन पूरे किए।

विजय हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद वाल्टर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 113 गेंद की अपनी पारी में सात चौके जड़े। कप्तान कोहली भी इसके बाद अधिक देर नहीं टिक सके और वाल्टर की ही गेंद पर वरूण चोपड़ा को कैच देकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 93 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके मारे।

राहुल और कार्तिक ने इसके बाद तेजी से बल्लेबाजी की। दोनों ने ढीली गेंदों को सबक सिखाने में कोई कोताही नहीं बरती और बल्लेबाजी के लिए आसान हो चुके हालात का पूरा फायदा उठाया। राहुल ने 77 जबकि कार्तिक ने 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

राहुल हालांकि जब काफी अच्छी लय में दिख रहे थे तब बायें हाथ के स्पिनर आरोन निज्जर की गेंद पर मैट डिक्सन को कैच दे बैठे। उन्होंने 92 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके मारे।

Editor's Pick