×

कुलदीप यादव का शानदार चार विकेट हॉल, भारत ने दूसरा वनडे जीता

दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 90 रनों से हराकर भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाई।

कुलदीप के एक और शानदार चार विकेट हॉल की मदद से भारत ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को 90 रन से हराया। 325 के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम 234 पर सिमट गई। कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 45 रन देकर सीरीज का अपना दूसरा चार विकेट हॉल दर्ज किया। साथ ही युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट लिए।

रोहित शर्मा-शिखर धवन की शानदार शुरुआत के बाद महेंद्र सिंह धोनी और केदार जाधव की धमाकेदार पारियों के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 324 रन का स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड के सामने मैच जीतकर सीरीज में वापसी करने के लिए 325 रनों का लक्ष्य है।

रोहित ने 96 गेंदो पर 87 रनों की पारी खेली, वहीं धवन ने 67 गेंदों पर 66 रन बनाए। कप्तान विराट कोहली ने 43 और अंबाती रायडू ने 47 रनों की पारी खेली। आखिरी के ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले केदार जाधव 10 गेंदो पर 22 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने 33 गेंदो पर नाबाद 48 रन बनाए।


न्यूजीलैंड पारी: नए बल्लेबाज ट्रेंट बोल्ट ने आते ही भुवी के खिलाफ एक चौका और फिर एक छक्का लगाया। ओवर में एक विकेट के साथ कुल दस रन आए। 40वें ओवर में अटैक में वापस आए चहल ने दूसरी गेंद पर लॉकी फर्ग्यूसन को बाउंड्री पर कैच आउट कराया और इसी के साथ कीवी टीम 234 पर ढेर हो गई।

37वें ओवर में डग ब्रेसवेल ने अपना पहला वनडे अर्धशतक पूरा किया। 39वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने अपने दूसरे स्पेल में आते ही सेट बल्लेबाज डग ब्रेसवेल को आउट किया। ओवर की दूसरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में अर्धशतक बना चुके ब्रेसवेल धवन के हाथों कैच आउट हुए।

31वें ओवर में न्यूजीलैंड ने अपना सातवां विकेट खोया और कुलदीप ने तीसरी सफलता हासिल की। बढ़ते जरूरी रन रेट के दबाव में हैनरी निकोलस ने ओवर की चौथी गेंद पर बड़ा शॉट मारने की कोशिश की और शमी को आसान सा कैच दे बैठे। ओवर की अगली गेंद पर कुलदीप ने नए बल्लेबाज ईश सोढ़ी को शून्य पर ही बोल्ड कर न्यूजीलैंड को आठवां झटका दिया।

27वें ओवर में कुलदीप यादव के खिलाफ आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में डी ग्रैंडहोम बाउंड्री पर रायडू को कैच दे बैठे और तीन रन बनाकर पवेलियन लौटे।

25वें ओवर में कुलदीप यादव ने अपना पहला विकेट लिया। ओवर की तीसरी गेंद पर कुलदीप ने टॉम लेथम को विकेट के ठीक सामने बीट किया और अंपायर ने एलबीडब्ल्यू आउट का इशारा किया। लेथम 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

18वें ओवर में केदार जाधव अटैक में आए और पहली ही गेंद पर भारत को सफलता मिली। रॉस टेलर जाधव की ड्रिफ्ट वाली गेंद खेलने से चूक गए और धोनी ने एक बार फिर अपनी फुर्ती दिखाते हुए बल्लेबाज को स्टंप आउट कर दिया। न्यूजीलैंड ने 100 रन पूरे करने के साथ ही चार विकेट भी खो दिए।

15वें ओवर की पहली ही गेंद पर चहल ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई। सेट होकर खेल रहे मुनरो चहल के खिलाफ घुटने पर बैठकर रिवर्स स्वीप शॉट लगाने की कोशिश में एलबीडब्ल्यू आउट हुए।

आठवें में ओवर में कप्तान विलियमसन ने शमी को आड़े हाथों लिया। ओवर की पहली दो गेंदो पर दो लगातार छक्के जड़े। और तीसरी गेंद पर प्वाइंट की तरफ चौका लगाया। ओवर की पांचवीं गेंद पर शमी ने अपना बदला लिया और विलियमसन को 20 के स्कोर पर बोल्ड किया

न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत करने आए मार्टिन गप्टिल और कॉलिन मुनरो ने चार ओवर में 21 रन जोड़े। पांचवें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने भारत को पहली सफलता दिलाई। ओवर की आखिरी गेंद पर भुवी ने गप्टिल को शॉर्ट गेंद के चकमा दिया, बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में मार्टिन थर्ड मैन बाउंड्री पर चहल को कैच दे बैठे।


भारतीय पारी रिपोर्ट: आखिरी ओवर की पहली तीन गेंदो पर जाधव ने दो चौकों और एक छक्के की मदद से 14 रन बटोरे। पांचवीं गेंद पर धोनी ने एक्सट्रा कवर पर हवाई चौका जड़ा। आखिरी गेंद पर दो रन लेकर धोनी 48 पर नाबाद रहे। वहीं जाधव 22 रन बनाकर नाबाद लौटे।

49वें ओवर में बोल्ट की पांचवीं गेंद पर धोनी ने शानदार छक्का लगाया। शॉर्ट गेंद पर धोनी ने पुल शॉट की मदद से 6 रन कमाए।

48वें ओवर में फर्ग्यूसन की पहली गेंद पर धोनी ने अपर कट लगाया और थर्ड मैन के फील्डर ने उनका कैच छोड़ दिया। भारत के खाते में चार रन आए।

46वें ओवर में जब रन रेट बढ़ाने का समय था, भारत ने एक और सेट बल्लेबाज का विकेट खो दिया। ओवर की चौथी गेंद पर फर्ग्यूसन ने 47 रन बना चुके रायडू को कैच आउट कराया।

40 ओवर के बाद भारत ने अपनी तीनों शीर्ष क्रम बल्लेबाज खो दिए हैं, हालांकि स्कोर 200 के पार जा चुका है। यहां से धोनी और रायडू पर आखिरी 10 ओवर में ज्यादा से ज्यादा बाउंड्री हासिल कर भारत को बड़े स्कोर तक ले जाने की जिम्मेदारी है।

39वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने एक बार फिर साझेदारी तोड़कर न्यूजीलैंड को बड़ी सफलता दिलाई। ओवर की पहली गेंद पर कोहली ने फाइन लेग की तरफ हवाई शॉट लगाया लेकिन गेंद बल्ले के किनारे पर लगने से बाउंड्री मिलने की बजाय गेंद सीधा फील्डर ईश सोढ़ी के हाथ में गई।

धवन के आउट होने के बाद कप्तान कोहली क्रीज पर आए। रोहित और कोहली के बीच बड़ी साझेदारी नहीं बना पाई और 29वें ओवर में रोहित आउट हुए। ओवर की तीसरी गेंद लॉकी फर्ग्यूसन ने धीमी रखी, जिस पर रोहित ने हवाई शॉट लगाया लेकिन दूरी हासिल नहीं कर पाए और कॉलिन डी ग्रैंडहोम के लिए आसान कैच।

27वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। ओवर की दूसरी गेंद पर बाहर जाती गेंद पर कट लगाने की कोशिश में शिखर धवन बल्ले का किनारा दे बैठे और टॉम लेथम ने आसान कैच पकड़ा।

21 ओवर के बाद रोहित और धवन के अर्धशतक पूरे हो चुके थे। जिसके बाद रोहित शर्मा ने रनों की रफ्तार बढ़ाई। 22वें ओवर में अटैक में वापस आए ट्रेंट का रोहित ने दो लगातार चौकों के साथ स्वागत किया।

21वें ओवर में कॉलिन डी ग्रैंडहोम के खिलाफ चार रन बनाकर शिखर धवन ने अपना 27वां वनडे अर्धशतक पूरा किया। जिसके बाद दो लगातार चौकों के साथ धवन ने अपने अर्धशतक का जश्न मनाया। सीरीज में ये धवन का दूसरा अर्धशतक है।

18वें ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की आखिरी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर रोहित ने अपना अर्धशतक पूरा किया।

सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई, दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी बनाई।


भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को यहां बे-ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। नेपियर में खेले गए पहले मैच में भारत ने जीत हासिल कर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।

इस मैच में भारत की कोशिश अपनी बढ़त को 2-0 करने की है तो वहीं किवी टीम बराबरी करना चाहेगी।

भारत इस मैच में बिना किसी बदलाव के साथ उतरा है। मेजबान टीम ने हालांकि अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। मिशेल सैंटनर के स्थान पर लेग स्पिनर ईश सोढ़ी आए हैं तो वहीं टिम साउदी के स्थान पर कोलिन डी ग्रांडहोम को टीम में जगह मिली है।

टीमें:-

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, अंबाती रायडू, विजय शंकर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी।

न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, कोलिन मुनरो, रॉस टेलर, हेनरी निकोलस, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ईश सोढ़ी, डग ब्रैसवेल, कोलिन डी ग्रांडहोम, लोकी फग्र्यूसन और ट्रैंट बाउल्ट।

trending this week