IND vs PAK- पाकिस्तान के खिलाफ ‘हाई वोल्टेज’ मैच से पहले राहुल-किशन की गुत्थी सुलझाना चाहेगा भारत

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2023 के सुपर 4 का मुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाना है. ग्रुप स्टेज का मैच बारिश में धुल गया था.

Edited By : Press Trust of India |Sep 09, 2023, 08:52 PM IST

Published On Sep 09, 2023, 08:52 PM IST

Last UpdatedSep 09, 2023, 08:52 PM IST

asia-cup-ind-pak

asia-cup-ind-pak

कोलंबो: भारतीय टीम प्रबंधन के लिए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले एशिया कप ‘सुपर फोर’ मैच से पहले केएल राहुल (KL Rahul) और ईशान किशन (Ishan Kishan) में से किसी एक को चुनने की दुविधा का हल निकालना अहम होगा. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की अगुआई वाली भारतीय टीम रविवार को एशिया कप (Asia Cup 2023) में दूसरी बार पाकिस्तान (India vs Pakistan) से भिड़ेगी. भारतीय टीम प्रबंधन का ध्यान टीम के लक्ष्यों पर तो लगा हुआ है लेकिन साथ ही वह पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर अपने सर्वश्रेष्ठ 11 खिलाड़ियों (India Playing XI against Pakistan) को उतारना चाहेगा.

राहुल या रोहित- कौन होगा टीम में

लेकिन इसके लिए उन्हें राहुल-किशन (KL Rahul or Ishan Kishan) के चयन की पहेली का जवाब ढूंढने की जरूरत होगी और साथ ही वे उम्मीद करेंगे कि मुकाबले में बारिश की बाधा नहीं पड़े जिसके लिए सोमवार को विवादास्पद ‘रिजर्व’ (IND vs PAK reserve day) दिन रखा गया है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

राहुल की टीम में वापसी से चयन के लिए खिलाड़ियों के ‘पूल’ में इजाफा हो गया है लेकिन यह भारत के लिए सुखद सिरदर्द भी होगा. ऐसा इसलिए क्योंकि किशन ने पिछले लगभग एक महीने में सभी को अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है जिसमें उन्होंने चार मैचों में चार अर्धशतक जड़े हैं. तीन वेस्टइंडीज के खिलाफ और एक पिछले हफ्ते पालेकल में एशिया कप ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान के खिलाफ.

किशन ने दिखाया है दम

इस दौरान किशन ने पारी का आगाज करने से लेकर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने में सहजता दिखाई है. झारखंड के इस 25 साल के खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी की शुरुआत की जबकि पाकिस्तान के खिलाफ वह मध्यक्रम में उतरे.

किशन बायें हाथ के बल्लेबाज हैं तो इससे भारतीय बल्लेबाजी क्रम में थोड़ी विविधता भी आयी है.

ऐसा लगता है कि किशन के लिए सब चीजें सही जा रही हैं. लेकिन बेंगलुरु के क्रिकेटर राहुल के पांचवें नंबर पर दावे को नजरअंदाज करना भी मुश्किल है जबकि वह जांघ की चोट और सर्जरी के बाद की ‘रिहैबिलिटेशन’ प्रक्रिया के कारण इस साल मार्च के बाद से कोई वनडे मुकाबला नहीं खेले हैं.

राहुल का रिकॉर्ड है शानदार

इसके पीछे यह कारण है कि राहुल (31 वर्ष) 2019 के बाद से भारत के सबसे मजबूत वनडे बल्लेबाजों में से एक हैं. उन्होंने 2019 में 13 मैचों में 47.67 के औसत से 572 रन बनाये.

इसके बाद भी उनके अच्छे प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा. 2020 में उन्होंने नौ मैचों में 55.38 के औसत से 443 रन, 2021 में ती मैचों में 88.50 के औसत से 108 रन, 2022 में 10 मैचों में 27.89 के औसत से 251 रन और 2023 में छह मैचों में 56.50 के औसत से 226 रन बनाये हैं.

अगर इन आंकड़ों को और बारीकी से देखा जाये तो पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए राहुल ने 18 मैचों में 53 के औसत से 742 रन जुटाए हैं जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक भी शामिल हैं.

ये आंकड़े काफी मजबूत दिखते हैं और उनकी विकेटकीपिंग भी तरकश में एक अतिरिक्त तीर शामिल करती है. शुक्रवार को वह विकेटकीपिंग का कड़ा अभ्यास करते दिखे जिससे उनकी वापसी की तैयारी का संकेत मिलता है. टीम प्रबंधन को मैच के दिन यह मुश्किल फैसला करना होगा.

भारतीय टीम के लिए जीत है जरूरी

टीम जैसा संतुलन चाहती है, उसके लिहाज से यह फैसला काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि मैच के लिए मैदान पर वो जो भी संयोजन उतारें उनके लिए ‘सुपर फोर’ मैच में जीत दर्ज करना निहायती जरूरी होगा.

पाकिस्तान ने लाहौर में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर दो अंक हासिल कर लिए हैं. इससे एक और जीत उन्हें आसानी से फाइनल में पहुंचा देगी.

पाकिस्तान की गेंदबाजी है चुनौती

भारत भी तालिका में शामिल होना चाहेगा लेकिन उन्हें पाकिस्तान के घातक गेंदबाजी आक्रमण से निपटना होगा क्योंकि वे पिच की प्रकृति के बावजूद प्रभावित गेंदबाजी करने में सक्षम हैं.

निश्चित रूप से रोहित और अन्य भारतीय बल्लेबाज शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) की तेज तर्रार गेंदों से सतर्क रहेंगे लेकिन पाकिस्तान की गेंदबाजी इकाई में अन्य गेंदबाज भी इतने ही घातक हैं.

हारिस रऊफ अपनी रफ्तार से एशिया कप गेंदबाजी सूची में नौ विकेट (तीन मैच में) से शीर्ष पर चल रहे हैं और ऐसा लगता है कि वह अफरीदी (सात विकेट) से आगे निकल जाएंगे. नसीम शाह (Naseem Shah) के भी सात विकेट हैं और वह भी प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों को राहत नहीं लेने देंगे.

भारत भी कम नहीं

पाकिस्तान कागज पर गेंदबाजी विभाग में मजबूत दिखती है लेकिन भारत को भी भरोसा है कि उनके पास भी जवाबी हमले के लिए धारधार गेंदबाजी मौजूद है.

जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय गेंदबाजी मजबूत होगी, वह नेपाल के खिलाफ लीग मैच में नहीं खेल पाये थे. मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) सहयोगी गेंदबाज की भूमिका कुशलता से निभा सकते हैं.

लेकिन जब दोनों टीमें मैदान पर उतरती हैं तो अंतिम एकादश, फॉर्म, पिछले रिकॉर्ड ये सारे कारक अप्रासंगिक हो जाते हैं. मैदान पर दोनों टीम के बीच यह तूफानी टक्कर होगी.

Editor's Pick