This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
टेस्ट करियर संवारने उतरेंगे रोहित, पंत की जगह लेंगे साहा
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच गुरुवार से खेला जाएगा
Written by Press Trust of India
Last Published on - October 1, 2019 6:08 PM IST

सीमित ओवरों के क्रिकेट के दिग्गज रोहित शर्मा बुधवार से विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे तीन टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में नई पारी की शुरुआत करेंगे लेकिन रिषभ पंत इस मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे।
22 महीनों में पहला इंटरनेशनल मैच खेलेंगे साहा
पंत की जगह रिद्धिमान साहा 22 महीने में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पुष्टि की कि दिल्ली के विकेटकीपर बल्लेबाज पंत को भारत के घरेलू सत्र के पहले टेस्ट की अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया है।
रोहित पर रहेगी नजर
भारत इस उम्मीद के साथ उतरेगा कि रोहित सीमित ओवरों के क्रिकेट की अपनी सफलता को टेस्ट क्रिकेट में दोहरा पाएंगे लेकिन उन्हें सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारने के प्रयोग के वांछित नतीजे नहीं मिले और सीरीज से पहले दक्षिण अफ्रीका के एकमात्र अभ्यास मैच में पारी का आगाज करते हुए वह खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए।
रोहित की बेहतरीन फॉर्म को देखते हुए युवराज सिंह सहित कई पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि मुंबई के इस बल्लेबाज को सभी प्रारूपों में खेलना चाहिए और उन्हें टेस्ट सलामी बल्लेबाज के रूप में अधिक मौके मिलने चाहिए।
मयंक अग्रवाल के साथ जोड़ी बनाएंगे रोहित
वेस्टइंडीज दौरे पर उन्हें दो टेस्ट की श्रृंखला के दौरान मध्यक्रम में जगह नहीं मिली लेकिन खराब फॉर्म के कारण लोकेश राहुल को बाहर किए जाने के कारण भारत को उम्मीद होगी कि मयंक अग्रवाल के साथ मिलकर रोहित शीर्ष पर स्थिर जोड़ी बनाएंगे।
पढ़ें: रोहित शर्मा को बतौर सलामी बल्लेबाज दिए जाएंगे भरपूर मौके: विराट कोहली
पहले टेस्ट से पूर्व नेट सत्र के दौरान सभी की नजरें रोहित पर टिकी थी जो मौके का फायदा उठाने और अपने टेस्ट रिकॉर्ड में सुधार के लिए प्रतिबद्ध दिखे।
रोहित ने अब तक 27 टेस्ट में 39 . 62 की औसत से 1585 रन बनाए हैं जबकि सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनके नाम पर 11000 से अधिक रन दर्ज हैं।
चोट के बाद वापसी करेंगे अश्विन
कप्तान विराट कोहली ने साथ ही पुष्टि की कि अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस मैच में खेलेंगे। पिछले साल दिसंबर में एडिलेड टेस्ट में जीत के दौरान चोटिल होने के बाद से अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है।
बाकी टीम लगभग तय नजर आती है। भारत इस मैच में दो तेज गेंदबाजों और इतने ही स्पिनरों के साथ उतर सकता है। अगर विकेट से टर्न मिलता है तो हनुमा विहारी तीसरे स्पिनर की भूमिका निभा सकते हैं।
बुमराह का चोटिल होना टीम इंडिया के लिए झटका
जसप्रीत बुमराह का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है लेकिन इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी की जोड़ी उनकी गैरमौजूदगी में भी पूरी तरह से सक्षम है। वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतिम एकादश में रविंद्र जडेजा के रूप में एकमात्र स्पिनर को टीम में जगह मिली थी और यहां उन्हें अश्विन का साथ मिलेगा।
दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत दौरे पर कुछ नए खिलाड़ियों को साथ आई है और उसके खिलाफ मेजबान टीम को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
डु प्लेसिस सहित 5 खिलाड़ी पिछली बार भारत दौरे पर आई टीम के हिस्सा थे
कप्तान फाफ डु प्लेसिस सहित मौजूदा टीम के सिर्फ पांच खिलाड़ी पिछली बार भारत दौरे पर आई टीम का हिस्सा थे, जिसे तब टेस्ट श्रृंखला में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
पढ़ें: विशाखापत्तनम टेस्ट से रिषभ पंत की छुट्टी, रिद्धिमान साहा को मिला मौका
दक्षिण अफ्रीका को काफी लोग श्रृंखला में जीत का दावेदार नहीं मान रहे, विशेषकर अगर गेंद टर्न लेने लगे तब। एडन मार्करम और टेंबा बावुमा ने अभ्यास मैच में उम्दा पारियां खेली और इससे मैच से पूर्व उनका आत्मविश्वास बढ़ा होग
परेशान कर सकती है फिलेंडर, एंगिडी और रबाडा की तिकड़ी
कगीसो रबाडा, वर्नोन फिलेंडर और लुंगी एंगिडी की तेज गेंदबाजी तिकड़ी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है विशेषकर मैच के पांचों दिन बादल छाए रहने और बारिश की भविष्यवाणी के कारण।
भारत घरेलू सरजमीं पर रिकॉर्ड लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगा और उसे दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजी आक्रमण से बचना होगा।
टीमें इस प्रकार हैं:
भारत:
विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, हनुमा विहारी, रिषभ पंत, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, इशांत शर्मा और शुभमन गिल।
दक्षिण अफ्रीका:
फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), टेंबा बावुमा, थ्युनिस डि ब्रुइन, क्विंटन डि कॉक, डीन एल्गर, जुबैर हमजा, केशव महाराज, एडन मार्करम, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एंगिडी, एरिक नोर्त्जे, वर्नोन फिलेंडर, डेन पीट, कगीसो रबाडा और रूडी सेकेंड।
