×

IND vs SA: सीरीज कब्जाने उतरेगा भारत, रोहित-विराट पर होंगी नजरें

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच बुधवार को खेला जाएगा. इस मैच को जीतकर भारत सीरीज पर कब्जा कर लेगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 2, 2025 1:41 PM IST

रायपुर: भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं. और इन्हीं चर्चाओं के बीच बुधवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा. सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया के नाम रहा. इस मैच में विराट कोहली ने सेंचुरी लगाई और रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़ा. सीरीज के दूसरे मैच में भी इन दोनों पर नजरें रहेंगी. यह मैच बुधवार को रायपुर में खेला जाएगा.

कोहली के 52वें वनडे शतक और रोहित की 57 रन की आक्रामक पारी के दम पर भारत ने रांची में पहले मैच में साउथ अफ्रीका को 17 रन से हराया था. भारत अब सीरीज जीतना चाहेगा.

वनडे वर्ल्ड कप 2027 में अभी दो साल है और ऐसे में कोहली और रोहित के लिए हर मैच अपनी फिटनेस और फॉर्म को साबित करने का जरिया है. मुख्य कोच गौतम गंभीर से लगातार बढते मतभेदों का मसला भी अहम है. इसे लेकर लग रही अटकलों के बीच लगता है कि बीसीसीआई को कहीं न कहीं दखल देना होगा.

पिछले दो वनडे में भारत की जीत के सूत्रधार रहे रोहित और कोहली ने साउथ अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए अपना दावा पुख्ता कर दिया है. रोहित के शानदार प्रदर्शन से भारत ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया को सिडनी वनडे में नौ विकेट से हराया था. चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर और गंभीर ने विश्व कप में दोनों की भागीदारी को लेकर कुछ नहीं कहा है जो शायद तनाव की वजह हो सकता है.

पहला मैच जीतने के बावजूद भारत की चिंता कम नहीं हुई है. लिस्ट ए क्रिकेट में प्रभावी प्रदर्शन करने वाले रूतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर भेजा गया लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं दिखे. कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल छठे नंबर पर उतरे.

वॉशिंगटन सुंदर को बल्लेबाजी क्रम में प्रयोगों की आदत हो चुकी है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में तीसरे नंबर पर उतरने के बाद उन्हें पहले वनडे में पांचवें नंबर पर भेजा गया लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके. गेंदबाजी में उन्होंने तीन ही ओवर डाले और 18 रन दिए.

हर्षित राणा ने नयी गेंद से दो विकेट लिए लेकिन बाद में काफी रन दिये. उन्हें इस पर नियंत्रण करना होगा खासकर जब 34वें ओवर के बाद सिर्फ एक ही गेंद से खेलना होता है. बल्ले और गेंद के बीच संतुलन के लिए आईसीसी के नए नियम के तहत उपलब्ध दो में से एक ही गेंद 34वें से 50वें ओवर के बीच इस्तेमाल की जा सकती है.

कुलदीप यादव ने 68 रन देकर चार विकेट चटकाये. वह महंगे भले ही साबित हुए लेकिन उनकी विविधतापूर्ण गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका वापसी के प्रयास के बावजूद नाकाम रहा. साउथ अफ्रीका ने एक समय तीन विकेट 11 रन पर गंवा दिये थे लेकिन इसके बाद शानदार वापसी की. मार्को यानसेन ने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और 39 गेंद में 70 रन बनाये.मैथ्यू ब्रीज्के ने भारत के खिलाफ पहला वनडे खेलते हुए 72 रन बनाए. साउथ अफ्रीका ने पहला वनडे कप्तान तेम्बा बावुमा और स्पिनर केशव महाराज के बिना खेला जिन्हें आराम दिया गया था. अब दोनों की वापसी से टीम को मजबूती मिलेगी.

शहीर वीर नारायण सिंह स्टेडियम पर एकमात्र वनडे जनवरी 2023 में खेला गया था जब पिच से मिलने वाली सीम की मदद से मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड टीम को 108 रन पर आउट कर दिया था. भारत ने 30 ओवर बाकी रहते आठ विकेट से जीत दर्ज की थी. यहां दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मैच में भी भारत ने 20 रन से जीत दर्ज की थी.

टीमें :

भारत: केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रुतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।

TRENDING NOW

दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मारक्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसन, टोनी डी जॉर्जी , रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।