add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND VS SA: लखनऊ में घने कोहरे की वजह से भारत- साउथ अफ्रीका चौथा टी-20 मैच रद्द, उठे सवाल

भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है. सीरीज का अगला मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 17, 2025 10:20 PM IST

IND VS SA 4th T20I: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में चौथा टी20 मैच कोहरे के कारण रद्द हो गया। तय समय के अनुसार मैच में टॉस शाम साढ़े 6 बजे होना था, लेकिन बार-बार निरीक्षण के बाद अंपायर्स ने यहां के हालात को खेलने के अनुरूप नहीं पाया, ऐसे में सीरीज का अगला मैच निर्णायक बन गया है, जो 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

मैच के रद्द होने के बाद सर्दियों के महीनों में उत्तरी भारत में मुकाबले कराने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यक्रम पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए नवंबर और दिसंबर के दौरान न्यू चंडीगढ़, धर्मशाला, लखनऊ, रांची, रायपुर, विशाखापत्तनम, कटक, अहमदाबाद, गुवाहाटी और कोलकाता को आयोजन स्थल के तौर पर चुना गया था. यह वह समय होता है जब लखनऊ, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला जैसे मेजबान शहरों में प्रदूषण का स्तर आमतौर पर सबसे खराब होता है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बिना बॉल फेंके रद्द हुआ मुकाबला, उठे सवाल

चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय आधिकारिक तौर पर ‘अत्यधिक कोहरे’ के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया लेकिन सच्चाई यह थी कि प्रदूषण और कोहरे की एक मोटी चादर ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया था जिससे दृश्यता बहुत कम हो गई थी. बुधवार को लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांत (एक्यूआई) 400 से ऊपर खतरनाक स्तर में रहा जिससे खिलाड़ियों के कल्याण के प्रति बीसीसीआई की प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को मैच से पहले भारतीय टीम के वार्म-अप के दौरान प्रदूषण से बचने के लिए सर्जिकल मास्क पहने देखा गया.

बुधवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में ‘बहुत घने कोहरे’ के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था, इसके साथ ही राज्य के पूर्वी से पश्चिमी हिस्सों तक 27 जिलों में घने कोहरे के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया था. लखनऊ पहली बार दिसंबर के महीने में टी20 मैच की मेजबानी करने जा रहा था, लेकिन फैंस को घने कोहरे की वजह से मायूस होना पड़ा है. स्टेडियम में घने कोहरे के बीच फैंस दूसरी तरफ के स्टैंड्स को मुश्किल से देख पा रहे थे.

सीरीज में 2-1 से आगे है टीम इंडिया

भारतीय टीम सीरीज में फिलहाल 2-1 से लीड में है. टीम इंडिया ने कटक में खेले गए पहले मैच को 101 रन से जीता था, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने न्यू चंडीगढ़ में 51 रन से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली थी. टीम इंडिया ने धर्मशाला में खेले गए सीरीज के तीसरे मुकाबले को 7 विकेट से जीतकर एक बार फिर लीड ले ली. अब टीम इंडिया अंतिम मुकाबले को जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम करना चाहेगी, जबकि मेहमान टीम की कोशिश उस मैच को जीतकर सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म करने की होगी.

न्यूजीलैंड सीरीज के मैच स्थल में हो सकता है बदलाव

बीसीसीआई आयोजन स्थलों का आवंटन करते समय रोटेशन नीति का पालन करता है लेकिन बोर्ड 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से पहले स्थल बदलने पर विचार कर सकता था. भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना पश्चिमी और दक्षिणी भारत के स्थलों पर करेगी जो मैच वडोदरा, राजकोट, इंदौर, नागपुर, रायपुर, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे, सिर्फ एक मैच पूर्वोत्तर शहर गुवाहाटी में होना है.

सीरीज के आखिरी मैच में अभिषेक शर्मा रच सकते हैं इतिहास

सीरीज के अंतिम मुकाबले में युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका होगा. विराट कोहली ने साल 2016 में 1,614 रन बनाए थे, अगर अभिषेक उस मुकाबले में 47 रन बना लेते हैं, तो वह एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले भारतीय बन जाएंगे.