- Home
- News
- India vs sri lanka told everyone in dressing room that ill hit my first ball for six says ishan kishan 4826317
ड्रेसिंग रूम में बोल दिया था कि पहली गेंद पर छक्का मारूंगा: ईशान किशन
ईशान किशन ने श्रीलंका के खिलाफ डेब्यू वनडे मैच में 42 गेंदो पर 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 59 रन की पारी खेली।
Published On Jul 19, 2021, 02:32 PM IST
Last UpdatedJul 19, 2021, 02:32 PM IST
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद खुलासा किया कि उन्होंने क्रीज पर आने से पहले ही ड्रेसिंग रूम में सबको बोल दिया कि वो पहली गेंद पर छक्का मारेंगे।
अपने डेब्यू वनडे मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे किशन ने इस बात को सच किया और क्रीज पर आते ही पहली गेंद पर छक्का लगाया। उन्होंने 42 गेंदो पर 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 59 रन की पारी खेली। जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने पहला वनडे 7 विकेट से जीता।
मैच के बाद टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के मशहूर कार्यक्रम चहल टीवी में बातचीत के दौरान ईशान ने कहा, “मुझे लगता कि कई चीजें मेरे पक्ष में गईं। मेरा जन्मदिन था और फिर मैं 50 ओवर तक खेल पाया। मुझे पता था कि विकेट पर स्पिन गेंदबाजों के लिए खास कुछ नहीं है।”
उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि ये पहली गेंद पर छक्का मारने का सबसे सही समय है और मैंने सबको बोल दिया था कि मैं पहली गेंद पर छक्का मारूंगा। अभ्यास करना जरूरी है और इससे मुझे बहुत मदद मिली।”
अपने अभ्यास के बारे में किशन ने कहा, “जब हम अभ्यास कर रहे थे, मुझे पता था कि मैं अच्छी लय में हूं। मैं गेंद को अच्छे से कनेक्ट कर रहा था, मैच में भी मैंने वही किया। मुझे पता था कि मुझे अपना रवैया बदलने की जरूरत नहीं है।”
भारतीय टीम के लिए वनडे डेब्यू करने के अनुभव पर किशन ने कहा, “किसी भी खिलाड़ी के लिए, जब उसे पता होता है कि उसे डेब्यू कैप मिलने वाली है तो उससे बेहतर पल कोई और नहीं हो सकता है। मैंने उस पल को सजो कर रखा है, कई शुभचिंतक हैं जो मुझे देश के लिए खेलते देखना चाहते थे।”
उन्होंने कहा, “ये एक खास एहसास है। मुझे इस बात पर गर्व है कि मुझे डेब्यू करने का मौका मिला। मैं मैच फिनिश कर सकता था लकिन मुझे खुशी है कि मैं योगदान दे सका।”