इस पोजीशन पर बैटिंग करना चाहते हैं अजिंक्य रहाणे
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अजिंक्य रहाणे मैन ऑफ द सीरीज रहे थे।
Published On Jul 09, 2017, 05:56 PM IST
Last UpdatedJul 09, 2017, 05:56 PM IST

रोहित शर्मा की गैर- मौजूदगी में अजिंक्य रहाणे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 वनडे मैचों में शिखर धवन के साथ ओपनिंग की थी। उन्होंने इस दौरान बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया और सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस तरह से भविष्य में उनके बारे में चयनकर्ता क्या सोचें उन्होंने इस ओर संकेत भी कर दिया। रहाणे ने कहा, “देखिए, भविष्य में क्या होगा हमें नहीं पता। यह सीरीज वनडे और सीमित ओवर क्रिकेट के लिए मुझे बहुत विश्वास देगी। अगर टीम मैनेजमेंट सोचता है कि मैं नंबर 4 या नंबर 1 और नंबर 2 पर बैटिंग करूं तो मैं हमेशा अपना 100 प्रतिशत दूंगा। मुझे नहीं पता कि भविष्य में क्या होगा। लेकिन मैं हमेशा अपना वनडे और टी20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा। मैं वनडे क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहूंगा।”
शबीना पार्क में खेले जाने वाले एकमात्र टी20I के पहले रहाणे ने मीडिया से कहा, “मैंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी। यहां तक कि विश्व कप में भी मैंने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रन बनाए थे। इसलिए मैं जानता हूं कि कैसे तीसरे चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी है। यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। लेकिन हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या आगे होगा।”
रहाणे टीम इंडिया की वनडे टीम में नियमित खिलाड़ी नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह मौके का लाभ उठाकर खुश हैं। रहाणे ने कहा, “यह सीरीज मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी क्योंकि मुझे कुछ समय के बाद मौका मिला। मैं चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेला। हम यहां आए। विराट ने मुझसे कहा था कि तुम सभी मैचों में खेलोगे। तो मैं उसी में ध्यान लगा रहा था। मैं अपने ऊपर दबाव नहीं डालना चाहता था। मैं मैदान पर आनंद लेना चाहता था। मैंने अपना समय लिया। जब हम यहां आए थे। हमने कुछ प्रेक्टिस सेशन में भाग लिया और इंग्लैंड में भी मैं नेट्स में अच्छी बैटिंग कर रहा था। इसलिए यहां मैं अपने आपको बैट से साबित करना चाहता था।” [ये भी पढ़ें: टी20I की जंग में आज आमने-सामने होंगी भारत और वेस्टइंडीज की टीमें]
वनडे खेलने के बाद टी20 खेलना हो तो मानसिकता में क्या बदलाव आता है। इस बारे में बातचीत करते हुए रहाणे ने कहा, “हम बहुत सारे फॉर्मेट खेलते हैं। यह मानसिक बदलाव है। विकेट और उनकी टीम की बात करें तो मुझे लगता है कि अगर हम अपनी टीम पर ध्यान केंद्रित करें तो मुझे नहीं लगता कि हमें किसी और चीज में ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। अभी, खिलाड़ी कल के मैच में अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमें देखना होगा कि किन क्षेत्रों में हमें अपना ध्यान केंद्रित करना है।”