add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

एंटीगा टेस्ट: जडेजा के जूझारू अर्धशतक ने भारत को 297 रन तक पहुंचाया

वेस्टइंडीज की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज केमार रोच ने सबसे अधिक 4 विकेट अपने नाम किए

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - August 23, 2019 9:50 PM IST

अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की अर्धशतकीय पारी की मदद से भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 297 रन बनाए।

पढ़ें: दलीप ट्रॉफी: करुण नायर की नाबाद 92 रन की पारी से इंडिया रेड मजबूत स्थिति में

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

जडेजा ने विषम परिस्थितियों में जुझारू पारी खेलने की अपनी क्षमता का जोरदार नमूना पेश किया। जडेजा ने आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट होने से पहले 58 रन की पारी खेली। उन्होंने अर्धशतकीय पारी में 112 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्का लगाया।

जडेजा ने अपनी पारी के दौरान इशांत शर्मा (19) के साथ आठवें विकेट के लिए 60 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जडेजा के आउट होने के बाद लंच घोषित कर दिया गया।

भारत ने दूसरे दिन 6 विकेट पर 203 रन से आगे खेलना शुरू किया

भारत ने सुबह छह विकेट पर 203 रन से आगे खेलना शुरू किया और दूसरे ओवर में ही विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत (24) का विकेट गंवा दिया जो अपने कल के स्कोर में केवल चार रन जोड़ पाये। केमार रोच की गुडलेंथ गेंद पंत के बल्ले का किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े जेसन होल्डर के पास चली गई।

भारत का स्कोर सात विकेट पर 207 रन हो गया तथा जिस तरह से रोच और गैब्रियल हावी होकर गेंदबाजी कर रहे थे उससे लग रहा था कि उन्हें पुछल्ले बल्लेबाजों को समेटने में देर नहीं लगेगी लेकिन जडेजा और इशांत ने गजब का जज्बा दिखाया और कैरेबियाई गेंदबाजों को परेशान कर दिया।

होल्डर ने गेंदबाजी में भी बदलाव किये लेकिन जडेजा और इशांत के मजबूत इरादों के सामने उनकी हर रणनीति नाकाम रही। इन दोनों ने अपने रक्षात्मक कौशल का अच्छा नमूना पेश किया था उठती गेंदों को बड़ी कुशलता से खेलकर वेस्टइंडीज की शॉर्ट पिच गेंदें करने की रणनीति भी नहीं चलने दी। शैनन गैब्रियल ने आखिर में यॉर्कर पर इशांत का मिडिल स्टंप थर्राकर यह साझेदारी तोड़ी। उन्होंने 62 गेंदें खेली और एक चौका लगाया।

पढ़ें: वकार यूनुस ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच के लिए दिया आवेदन

मोहम्मद शमी (शून्य) हालांकि थोड़ी देर भी नहीं टिक पाये और रोस्टन चेज की गेंद पर वापस कैच दे बैठे लेकिन जसप्रीत बुमराह (नाबाद चार) ने जडेजा को अर्धशतक पूरा करने का मौका दिया। जडेजा ने चेज की गेंद पर स्वीपर कवर पर चौका लगाकर 11वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया और अगली गेंद पर मिडविकेट पर छक्का लगाया। होल्डर की शार्ट पिच गेंद को पुल करने के प्रयास में वह हवा में लहरा गये और इस तरह से भारतीय पारी का अंत हुआ।

वेस्टइंडीज की तरफ से केमार रोच सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 66 रन देकर चार विकेट लिये। गैब्रियल ने 71 रन देकर तीन, रोस्टन चेज ने 58 रन देकर दो और होल्डर ने 36 रन देकर एक विकेट लिया।