ईविन लुईस के शतक की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत को 9 विकेट से हराया
भारत के खिलाफ टी20I में ईविन लुईस का यह दूसरा शतक है। एक देश के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 में दो शतक लगाने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
Published On Jul 10, 2017, 12:55 AM IST
Last UpdatedJul 10, 2017, 12:55 AM IST

ईविन लुईस के नाबाद 125* और मर्लोन सैम्युअल्स के नाबाद 36 रनों की बदौलत वेस्टइंडीज ने एकमात्र टी20I में टीम इंडिया को 9 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया के 191 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम ने निर्धारित लक्ष्य को 18.3 ओवरों में 194/1 के साथ प्राप्त कर लिया। लुईस ने 125* रन बनाने के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम भी अंकित करवा लिया। वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में स्कोर चेज करते हुए सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की ओर से कुलदीप यादव को बस एक विकेट मिला। क्रिस गेल इस मैच में कुध खास नहीं कर सके और 18 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने 34 रन देकर एक विकेट लिया। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवरों में 27 रन दिए। उनके अलावा हर गेंदबाज महंगा साबित हुआ। अश्विन ने 4 ओवरों में 39, मोहम्मद शमी ने 3 ओवरों में 46 और रविंद्र जडेजा ने 3.3 ओवरों में 41 रन दे डाले।
इसके पहले टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 190/6 का स्कोर बनाया था। भारत की ओर से दिनेश कार्तिक ने सर्वाधिक 48, विराट कोहली ने 39 और ऋषभ पंत ने 38 रन बनाए। इसके अलावा शिखर धवन 23 रन बनाकर आउट हो गए। वेस्टइंडीज की ओर से जेरोम टेलर और केसरिक विलियम्स ने 2-2 विकेट झटके। वहीं मार्लोन सैम्युअल्स को एक विकेट मिला।
टीम इंडिया की पारी: विराट कोहली और शिखर धवन की जोड़ी ने टीम इंडिया को धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहली ही गेंद से धावा बोल दिया और आनन फानन में 5.3 ओवर में 63 रन जोड़ दिए। जब ये दोनों बल्लेबाज बल्लेबाजी कर रहे थे तब स्कोर आसमान छू रहा था। कोहली ने 22 गेंदों में 39 रन 7 चौके और 1 छक्के के माध्यम से बनाए। एक टी20I पारी में कोहली के द्वारा लगाए गए 7 चौके किसी भी भारतीय कप्तान के द्वारा एक टी20I पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा चौके हैं।
कोहली टीम इंडिया के पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उस समय टीम इंडिया का स्कोर 64 रन पर 1 विकेट था। उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर धवन भी रन आउट हो गए। धवन ने 12 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 23 रन बनाए। इस तरह से टीम इंडिया के 65 रन पर 2 विकेट गिर गए थे। इस विपरीत परिस्थिति में दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत ने टीम इंडिया की पारी को संभाला। दोनों ने कुछ देर संभलकर खेलने के बाद आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी की और चौकों की झड़ी लगा दी। [भारत बनाम वेस्टइंडीज, एकमात्र टी20I लाइव स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें…]
दोनो ने टीम इंडिया को 16वें ओवर में 150 के पार पहुंचाया लेकिन इसी बीच दिनेश कार्तिक 29 गेंदों में 48 रन बनाकर जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे बोल्ड हो गए। अगले ओवर में जेरोम टेलर ने लगातार दो गेंदों पर धोनी (2) और ऋषभ पंत (38) को आउट कर दिया। पंत ने 35 गेंदों में 38 रन बनाते हुए 2 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके पहले कि टीम इंडिया संभल पाती 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर केदार जाधव भी चलते बने इस तरह से अंतिम ओवरों में टीम इंडिया का बंटाढार होता नजर आया। जाहिर है अगर इतनी जल्दी- जल्दी विकेट न गिरते तो टीम इंडिया अपने स्कोर में 10-20 रनों का इजाफा और कर सकती थी।