भारत ने राजकोट टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया

भारत ने राजकोट में खेले गए दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में पारी और 272 रन की बड़ी जीत दर्ज की है।

Edited By : Cricket Country Staff |Oct 06, 2018, 11:45 AM IST

Published On Oct 06, 2018, 11:45 AM IST

Last UpdatedOct 06, 2018, 11:45 AM IST

भारत ने पहली पारी में कप्तान विराट कोहली (139), डेब्यू कर रहे पृथ्वी शॉ (134), रविंद्र जडेजा (नाबाद 100), चेतेश्वर पुजारा (86) की शानदार पारियों के दम पर अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 649 रनों पर ही घोषित कर दी थी। भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया यह टेस्ट में टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है। भारत में टीम ने टेस्ट क्रिकेट में जीत का शतक भी लगाया।

फॉलोऑन नहीं बचा पाई वेस्टइंडीज

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरे दिन का अंत छह विकेट के नुकसान पर 94 रनों के साथ किया था और उस पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था। तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने पहले सत्र के एक घंटे में ही उसके चार विकेट गिरा मेहमान टीम को पहली पारी में 181 रनों पर ढेर कर फॉलोऑन के लिए बुलाया।

दूसरी पारी में भी विंडीज बल्लेबाज टिक नहीं सके और 196 रन बनाकर पारी से शिकस्त खा बैठे। दूसरी पारी में भारत के लिए कुलदीप यादव ने 57 रन देकर पांच विकेट लिए जो उनके करियर का अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रविंद्र जडेजा को तीन सफलताएं मिलीं जबकि पहली पारी में चार विकेट लेने वाले रविचंद्रन अश्विन दो विकेट लेने में सफल रहे।

फॉलोऑन का खतरा सिर पर ले तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज को दिन का पहला झटका 147 के कुल स्कोर पर कीमो पॉल (47) के रूप में लगा। उमेश यादव ने उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। वहीं अर्धशतक जमाने के कुछ देर बाद चेज, अश्विन की गेंद पर बोल्ड हो गए। अश्विन ने ही शेमरन लुइस (0) और शेनन ग्रेब्रिएल को आउट कर वेस्टइंडीज की पहली पारी का अंत किया।

पहले सत्र में ही दूसरी पारी खेलने उतरी वेस्टइंडीज को 32 के कुल स्कोर पर पहल झटका लगा। क्रैग ब्रैथवेट (10) अश्विन की गेंद पर शॉर्ट लेग पर खड़े शॉ को कैच दे बैठे। एक ओवर बाद भोजनकाल की घोषणा कर दी गई। दिन के दूसरे सत्र में मेहमान बल्लेबाज चाइनामैन कुलदीप की फिरकी में फंस कर रह गए। केरन पावेल (83) हालांकि एक छोर पर काफी देर तक खड़े रहे लेकिन टीम के बाकी बल्लेबाज अपने पैर नहीं जमा सके।

शाई होप (17) से पावेल को उम्मीद थी, लेकिन यह बल्लेबाज 79 के कुल स्कोर पर कुलदीप की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए। कुलदीप ने शेमरन हेटमायेर (11) को भी अपना शिकार बनाया। वह 97 के कुल स्कोर पर आउट हुए। इसी स्कोर पर अपना पदार्पण टेस्ट खेल रहे सुनीम एम्ब्रिस को चाइनामैन ने खाता भी नहीं खोलने दिया।

दूसरी पारी में कुलदीप की करिश्मा

पहली पारी में अर्धशतक जमाने वाले रोस्ट चेज (20) को भी कुलदीप ने अश्विन के हाथों कैच करा पवेलियन भेजा। शतक की ओर बढ़ रहे पावेल भी अंतत: कुलदीप की स्पिन के झांसे में आकर सिली प्वाइंट पर खड़े पृथ्वी को कैच देकर पवेलियन लौट लिए। यह इस चनाइमैन का पांचवां विकेट था। पावेल ने अपनी पारी में 93 गेंदों का सामना करते हुए चार छक्के और आठ चौके लगाए।

पैर जमाने की कोशिश में लगे देवेंद्र बिशू (9) अश्विन की गेंद पर ऋषभ पंत के हाथों स्टम्प कर दिए गए और इसी के साथ दूसरे सत्र का खेल समाप्त करने की घोषणा कर दी गई।

दिन के आखिरी सत्र में जडेजा ने वेस्टइंडीज के आखिरी दो विकेट ले भारत को जीत दिलाई। उन्होंने पहले लुइस को पगबाधा आउट किया और फिर गेब्रिएल को कुलदीप के हाथों कैच करा वेस्टइंडीज को करारी हार सौंपी।

इस जीत के साथ ही भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है। दूसरा टेस्ट मैच में हैदराबाद में 12 अक्टूबर से शुरू होगा।

Editor's Pick