×

डरी हुई थी टीम इंडिया, खुलकर खेलना भूल गई थी... पूर्व कप्तान का बड़ा बयान

10 नवंबर 2022 को एडिलेड में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड की टीम ने भारत को 10 विकेट से हराया था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 27, 2025 3:50 PM IST

भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों 10 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी. सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के सामने टीम इंडिया ने सरेंडर कर दिया था. ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान आरोन फिंच का मानना है कि टीम इंडिया उस मुकाबले में इतनी डरी हुई थी कि खुलकर खेलना ही भूल गई थी.

फिंच ने जियोस्टार पर ‘राइज ऑफ चैंपियंस’ सीरीज के दूसरे एपिसोड में कहा, भारत उस सेमीफाइनल को हारने से इतना डरा हुआ था कि उन्होंने खुद को खुलकर खेलने नहीं दिया, जब आप टूर्नामेंट से बाहर हो जाते हैं तो आप निराश होते हैं, लेकिन जब सब कुछ शांत हो जाता है, तो आप योजना बनाते हैं.

उन्होंने कहा, आप चीजों को सही जगह पर रखते हैं, छोटे-छोटे टारगेट सेट करते हैं, और इस बात पर सहमत होते हैं कि आपको हर स्टेज पर कहां होना चाहिए, फिर आप बस आगे बढ़ते हुए उन्हें पूरा करते जाते हैं.

भारत वर्ल्ड कप में आता है, तो उसे जीतने की उम्मीद हमेशा रहती है: इयोन मॉर्गन

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन उस सेमीफाइनल में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे थे. उन्होंने उस अहम मुकाबले के दौरान भारत के दृष्टिकोण में आए बदलाव को लेकर कहा, जब भी भारत वर्ल्ड कप में आता है, तो उसे जीतने की उम्मीद हमेशा रहती है, भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल को एक शानदार मैच के तौर पर देखा जा रहा था.

उन्होंने कहा, भारत की बैटिंग के लगभग 10 ओवर बाद जो हुआ, मुझे याद है कि मैंने कमेंट्री बॉक्स में सुनील गावस्कर की ओर मुड़कर पूछा था कि यह बहादुरी, यह हिम्मत, यह निडर खेलने का स्टाइल जिसके साथ भारत ने हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में टूर्नामेंट में खेला था, वह कहां चला गया?”

बदलाव हमेशा बुरी चीज नहीं होती: फिंच

फिंच ने टीम की गतिशीलता में नए नजरिए के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा, बदलाव हमेशा बुरी चीज नहीं होती, कई बार सिर्फ एक नई आवाज, चाहे वह कप्तान हो या कोच, बाकी ग्रुप के लिए सच में फायदेमंद हो सकती है.

भारत पर बड़ा फाइनल खेलने का दबाव था: हरभजन

पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने फाइनल में हार का कारण टीम की एकाग्रता पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को बताया. उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह एक बड़ा फाइनल खेलने का दबाव था, जीतने की उम्मीद ने टीम को फोकस बदला, उन्हें भटका दिया और इसीलिए हम उस मैच में पीछे रह गए.

TRENDING NOW

इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीता मुकाबला

10 नवंबर 2022 को एडिलेड में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए. इस पारी में कप्तान रोहित शर्मा ने 27 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 50 रन की पारी खेली, इनके अलावा, हार्दिक पंड्या ने 33 गेंदों में 63 रन जुटाए. इसके जवाब में इंग्लैंड ने महज 16 ओवरों में बगैर कोई विकेट गंवाए मुकाबला अपने नाम कर लिया. कप्तान जोस बटलर ने 49 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 80 रन की पारी खेली, जबकि एलेक्स हेल्स ने 47 गेंदों में 86 रन जुटाए, उनकी इस पारी में 7 छक्के और 4 चौके शामिल थे.