- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India will carry weak Middle order into World Cup: Sanjay Manjrekar
विश्व कप में कमजोर मध्यक्रम के साथ जाएगी टीम इंडिया: संजय मांजरेकर
संजय मांजरेकर का कहना है कि मौजूदा भारतीय मध्य क्रम युवराज सिंह, गौतम गंभीर और सुरैश रैना की गैर मौजूदगी में कमजोर है।
Published On Mar 12, 2019, 04:02 PM IST
Last UpdatedMar 12, 2019, 04:02 PM IST
Team India (IANS)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में विश्व कप से पहले अपना आखिरी वनडे मैच खेलने को तैयार भारतीय टीम के मध्य क्रम को पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने कमजोर बताया है। हालिया वनडे मैचों में कई बार ऐसा हुआ भी है जब शीर्ष क्रम के तीनों बल्लेबाजों (रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली) के बड़ा स्कोर ना बना पाने पर भारतीय टीम एकदम से मुश्किल में आई है। मांजरेकर ने विश्व कप में जाने से पहले भारतीय टीम की इसी परेशानी को सामने रखा है।
ये भी पढ़ें:आर्मी कैप में खेलने पर बोले गेंदबाजी कोच, वही किया जो लगा देश के लिए करना चाहिए
इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप में मेजबान टीम के अलावा भारत को टूर्नामेंट की फेवरेट टीम माना जा रहा है। मांजरेकर का भी कहना है कि भारत प्रबल दावेदार है लेकिन टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित नहीं है। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत मांजरेकर ने कहा, “भारत विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम है लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उनकी जीत निश्चित है। वो अंदर से थोड़े कमजोर हैं। मौजूदा भारतीय मध्य क्रम गौतम गंभीर, युवराज सिंह और सुरेश रैना वाली टीम जितना मजबूत नहीं है। ये ऐसी कमजोरी है जिसे वो विश्व कप में लेकर जाएंगे।”
स्थिति के हिसाब से बदलें महेंद्र सिंह धोनी का बल्लेबाजी क्रम
विश्व कप स्क्वाड में महेंद्र सिंह धोनी के बल्लेबाजी क्रम को लेकर मांजरेकर ने कहा कि इस सीनियर खिलाड़ी को फ्लोटर की तरह इस्तेमाल किया जाय। उन्होंने कहा, “हालात के हिसाब से उसके बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करें। धोनी की फॉर्म बहुत अहम है, अगर भारत को विश्व कप में आगे जाना है तो। टीम में उसकी जगह को कोई चुनौती नहीं दे सकता है। वो आसानी से विकेट नहीं देता है और उसके विकेटकीपिंग कौशल को लेकर कोई शक नहीं है। उसने दोनों रिस्ट स्पिनर्स के विकास में अहम भूमिका निभाई है। भारत को विश्व कप में धोनी के शांत स्वभाव की जरूरत होगी।”
तीन नंबर पर ही खेलें विराट कोहली
कोच रवि शास्त्री और फिर खुद विराट कोहली के ये बयान देने के बाद कि वो चार नंबर पर बल्लेबाजी करने को तैयार हैं, मांजरेकर ने इस विचार का विरोध किया। उन्होंने कहा, “कोहली को नंबर तीन पर ही बल्लेबाजी करनी चाहिए। जो बल्लेबाज नंबर तीन पर खेलकर टीम को लगातार जीत दिला रहा है, उसके बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने का कोई कारण नहीं है।”