add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026 FINAL: 150 करोड़ लोगों का दबाव और अहमदाबाद का मैदान, पाकिस्तानी दिग्गजों ने कहा, टीम इंडिया पर होगा एक्स्ट्रा प्रेशर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर और उमर गुल का मानना है कि भारत पर दर्शकों का अतिरिक्त दबाव होगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 7, 2026 1:25 PM IST

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) और उमर गुल (Umar Gul) को लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम पर दबाव होगा. भारतीय टीम रविवार 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद के नरेद्र मोदी स्टेडियम पर फाइनल मुकाबला खेलेगी. और पाकिस्तान के इन दो पूर्व पेसर्स का मानना है कि बड़ी संख्या में मौजूद लोग और इस मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड उन पर दबाव बना सकता है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने इस मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच खेला था. उस मैच में भारत को 76 रन से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद टीम पर दबाव था कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने मैच जीतने थे. टीम इंडिया ऐसा करने में कामयाब रही और आखिर में उसने अंतिम चार में जगह बनाई. अहमदाबाद के इसी मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने हराया था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

‘भारतीय टीम पर होगा बहुत ज्यादा दबाव’

अख्तर ने पाकिस्तानी टीवी के शो ‘गेम ऑन है’ में कहा, ‘अगर अहमदाबाद के विकेट पर गेंद रुककर आई और यह स्पिनर्स के लिए मददगारर हुई तो 200 या 175 का स्कोर पार रहेगा. लेकिन सुरक्षित स्कोर 200 से ज्यादा का होगा. तो क्या न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ 250 या 225 बनाने में कामयाब हो पाएगी? अगर वे ऐसा कर पाते हैं तो भारतीय टीम पर बहुत दबाव होगा.

उन्होंने आगे कहा, ‘यह भी बिलकुल साफ है कि भारतीय टीम पूरी तरह से तैयार होकर आएगी. मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड की टीम भारत के सामने फंस सकती है. लेकिन भारत पर 150 करोड़ लोगों का दबाव होगा. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में एक वर्ल्ड कप फाइनल पहले ही हार चुकी हैं.’

अख्तर हालांकि यह मानते हैं कि भारत अब भी इस फाइनल मुकाबले में फेवरिट है. लेकिन न्यूजीलैंड का ट्रॉफी जीतना खेल के लिए अच्छा होगा. उन्होंने कहा, ‘मुझे भारत यह वर्ल्ड कप जीतता हुआ नजर आ रहा है लेकिन क्रिकेट के लिहाज से अब यह बहुत जरूरी है कि न्यूजीलैंड यह वर्ल्ड कप जीते.’

उमर गुल ने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को बताया ज्यादा मजबूत

पाकिस्तान के पूर्व पेसर उमर गुल भी इस चर्चा का हिस्सा थे. गुल ने कहा कि भारतीय टीम के साथ जो उम्मीदें जुड़ी हुई हैं उससे उन पर अतिरिक्त दबाव हो सकता है. गुल ने कहा, ‘न्यूजीलैंड का गेंदबाजी आक्रमण अधिक मजबूत नजर आता है. बड़ी संख्या में मौजूद घरेलू दर्शक भारतीय टीम पर दबाव बढ़ा सकते हैं. न्यूजीलैंड ने हाल ही में भारत में टेस्ट सीरीज जीती है. उन्हें स्पिनर्स के लिए मददगार पिचों पर खेलने का अनुभव है. और भारत भी यह सोचेगा कि इन खिलाड़ियों ने हमारे खिलाफ अच्छा खेला था और हमें हराया था. न्यूजीलैंड की टीम आत्मविश्वास से भरी होगी. यह एक अच्छा फाइनल होगा.’

भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हराया था. वहीं न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में पहुंची है.