×

भारत की बेटियों ने फिर रचा इतिहास, नेपाल को हराकर ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता

भारत ने नेपाल को 20 ओवर में 114/5 रन पर रोकने के बाद करुणा के 27 गेंदों में 42 रन और फुला 27 गेंदों में 44 रन की मदद से टारगेट को 12.1 ओवर में हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 23, 2025 3:56 PM IST

India win Womens Blind T20 World Cup: वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद भारत की बेटियों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराकर पहली बार महिला ब्लाइंड T20 वर्ल्ड कप क्रिकेट खिताब पर कब्जा किया है.

कोलंबो में खेले गए खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला करते हुए भारत ने नेपाल को 20 ओवर में 114/5 रन पर रोक दिया. नेपाल ने 2.2 ओवर में कप्तान बिनीता पुन का विकेट गंवाया, बिनीता 9 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुईं, इसके बाद मीनाक्षी चौधरी ने सुषमा तमांग के साथ दूसरे विकेट के लिए 15 रन जोड़े, मीनाक्षी चौधरी टीम के खाते में 8 रन जोड़कर पवेलियन लौटीं. टीम ने 30 के स्कोर पर सुषमा (6) का विकेट भी गंवा दिया था। यहां से बिमला रानी ने सरिता घिमिरे के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन जुटाते हुए टीम को संभाला.

बिमला 26 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि सरिता ने 38 गेंदों में नाबाद 35 रन बनाए, भारत की तरफ से बी1 जमुना रानी टुडू और बी1 अनु कुमारी ने 1-1 विकेट हासिल किया.

करुणा- फुला की पारी से भारत की आसान जीत

इसके जवाब में भारत ने 12.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम करते हुए खिताब जीता. हालांकि भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी, टीम ने पांच रन के स्कोर पर बी2 अनेका देवी (2) का विकेट गंवा दिया था, यहां से बी1 करुणा ने कप्तान बी3 दीपिका के साथ दूसरे विकेट के लिए 28 रन जुटाते हुए टीम को संभाला, दीपिका 6 रन बनाकर आउट हुईं. करुणा ने बी3 फुला सरेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रन जुटाते हुए भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया, करुणा 27 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुईं, इसके बाद फुला सरेन ने बी2 बसंती हांसदा के साथ अटूट साझेदारी करते हुए भारत को आसान जीत दिलाई.

TRENDING NOW

फुला 27 गेंदों में 4 चौकों के साथ 44 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि बसंती ने 13 रन टीम के खाते में जोड़े. नेपाल की तरफ से बी3 दिल्लीसरा धमाला ने 1 विकेट निकाला. भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और यूएसए समेत छह टीमों का यह टी20 टूर्नामेंट 11 नवंबर को नई दिल्ली में शुरू हुआ था.