- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India women’s head coach Tushar Arothe steps down from his post
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच तुषार अरोठे ने छोड़ा पद
भारत की एशिया कप में बांग्लादेश के हाथ हुई हार के बाद से अरोठे के पद छोड़ने की खबर आ रही थी।
Published On Jul 10, 2018, 07:06 PM IST
Last UpdatedJul 10, 2018, 07:06 PM IST
women cricket team jhulan © IANS
भारतीय महिला टीम के कोच तुषार अरोठे ने टीम की कुछ स्टार खिलाड़ियों के साथ कथित मतभेदों के बाद आज पद छोड़ दिया। खिलाड़ी उनके ट्रेनिंग के तरीके का विरोध कर रहीं थीं।
प्रशासकों की समिति (सीओए) के कार्यकाल में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब किसी राष्ट्रीय कोच ने खिलाड़ियों के विद्रोह के बाद पद छोड़ा है। पिछले साल पुरूष टीम के मुख्य कोच अनिल कुंबले ने भी कप्तान विराट कोहली के साथ मतभेदों के बाद पद छोड़ दिया था।
बीसीसीआई ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा , ‘‘ बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय महिला टीम के कोच तुषार अरोठे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अरोठे ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा देने की बात कही है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ काम करने का मौका देने के लिए बीसीसीआई का आभार जताया। ’’
हालांकि बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि काफी प्रभाव रखने वाले कुछ सीनियर खिलाड़ी चाहते थे कि उन्हें तत्काल हटाया जाए और इस वजह से अरोठे इस्तीफा देने पर मजबूर हुए।
घटनाक्रम से वाकिफ अधिकारी ने पहचान सार्वजनिक ना करने की शर्त पर पीटीआई से कहा , ‘‘ सीनियर खिलाड़ियों के साथ सीओए की पिछली बैठक के बाद यह करीब करीब तय हो गया था। बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी , महाप्रबंधक (क्रिकेट संचालन) सबा करीम और सीईओ राहुल जौहरी भी बैठक में मौजूद थे। खिलाड़ी , चयनकर्ता यहां तक कि टीम प्रबंधक ने उनके कोचिंग के तरीकों को लेकर शिकायत की थी। ’’
घटनाक्रम में कुछ सीनियर खिलाड़ियों के अहम भूमिका निभाने के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा , ‘‘ हां , वे उनके खिलाफ थे। ’’