IND vs AUS: आज प्लेइंग इलेवन का ऐलान नहीं करेगी टीम इंडिया; बल्लेबाजी कोच ने बुमराह को लेकर दिया बड़ा बयान

भारतीय क्रिकेट टीम को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के पसंदीदा मैदान गाबा में खेलना है।

Edited By : India.com Staff |Jan 14, 2021, 02:56 PM IST

Published On Jan 14, 2021, 02:56 PM IST

Last UpdatedJan 14, 2021, 02:56 PM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ (Vikram Rathore) ने गुरुवार को दिए बयान में कहा है कि टीम इंडिया अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान मैच की सुबह ही कर सकेगी चूंकि मैनेजमेंट चोटिल खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा समय देना चाहता है।

बता दें कि सिडनी टेस्ट के बाद टीम इंडिया के कई प्रमुख खिलाड़ी- रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja), रिषभ पंत (Rishabh Pant), जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) चोटिल हो गए थे, जिसके बाद भारतीय टीम के लिए गाबा टेस्ट के लिए 11 फिट खिलाड़ियों का चुनाव करना मुश्किल हो गया है। राठौर ने गुरुवार को वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बताया कि टीम खिलाड़ियों की चोटों पर नजर रखे हुए है।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

गाबा में खेलेंगे बुमराह!

भारतीय तेज गेंदबाज बुमराह एबडॉमिनल स्ट्रेन से जूझ रहे हैं। बुमराह के बारे में पूछे जान पर बल्लेबाज कोच ने कहा, “बुमराह मेडिकल टीम के साथ मिल कर फिटनेस पर काम कर रहे हैं, हमें कल सुबह देखना होगा। अगर वो खेल सकता है तो वो खेलेगा और नहीं खेल सकता है तो नहीं खेलेगा।”

चोटिल खिलाड़ियों से परेशान टीम इंडिया

शीर्ष क्रम बल्लेबाज केएल राहुल कलाई की चोट के कारण पहले ही स्वदेश लौट चुके हैं। हालांकि सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने नेट्स पर अभ्यास किया। सिडनी टेस्ट को ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर हनुमा विहारी को मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत है।

तीसरे टेस्ट में उनके जोड़ीदार बने रविचंद्रन अश्विन भी पीठ दर्द से परेशान हैं। वहीं स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी अंगूठे में चोट के कारण चौथे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं।

साहा या पंत, कौन होगा विकेटकीपर बल्लेबाज?

सिडनी टेस्ट में भारत की पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान पंत के चोटिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान ऋद्धिमान साहा ने उनकी जगह विकेटकीपिंग की थी और चार शानदार कैच पकड़े थे। पंत पहले ही खराब विकेटकीपिंग की चलते आलोचना झेल रहे हैं, ऐसे में जब राठौड़ से जब पूछा गया कि क्या गाबा टेस्ट में टीम इंडिया पंत को स्पेशलिस्ट बल्लेबाज की भूमिका में रख साहा को विकेटकीपर के तौर पर प्लेइंग इलेवन में जगह देगी, तो उन्होंने कहा, “अभी कुछ भी निश्चित नहीं है।”

वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपनी अंतिम-11 का ऐलान कर दिया है। चोटिल सलामी बल्लेबाज विल पुकोवस्की के स्थान पर मार्कस हैरिस को टीम में शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलियाई टीम : टिम पेन (कप्तान-विकेटकीपर), डेविड वार्नर, मार्कस हैरिस, मार्नस लाबुशैन, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, कैमरून ग्रीन, पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, नाथन लॉयन, जोश हेजलवुड।

Editor's Pick