टीम इंडिया के सीनियर ऑलराउंडर Yusuf Pathan ने लिया संन्यास
टीम इंडिया के सीनियर ऑलराउंडर खिलाड़ी यूसुफ पठान ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से अपने संन्यास का ऐलान कर दिया है.
Published On Feb 26, 2021, 05:14 PM IST
Last UpdatedFeb 26, 2021, 05:14 PM IST
भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी यूसुफ पठान (Yusuf Pathan) ने अब सभी तरह की (इंटरनेशनल और घरेलू) क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. बड़ौदा के इस खिलाड़ी ने 57 वनडे और 22 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. वह 2007 और 2011 वर्ल्ड कप विजेता टीम का भी हिस्सा थे. हालांकि वह मार्च 2012 के बाद दोबारा कभी भारतीय टीम की नीली जर्सी में वापसी नहीं कर पाए. लेकिन विस्फोटक अंदाज वाले इस बल्लेबाज ने आईपीएल में अपने फैन्स का मनोरंजन लंबे समय तक जारी रखा.
यूसुफ ने साल 2010 में आईपीएल में मुंबई के खिलाफ 37 बॉल में शतक जमाया था. उनकी यह रिकॉर्ड पारी आज भी इस टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है और अभी तक कोई दूसरा भारतीय बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया है. वह साल 2019 में अपना आखिरी आईपीएल टूर्नामेंट सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की ओर से खेले थे. इसके बाद SRH ने उन्हें अपनी टीम से रिलीज किया तो फिर किसी अन्य फ्रैंचाइजी ने इस बल्लेबाज को अपनी टीम में लेने की रुचि नहीं दिखाई.
I thank my family, friends, fans, teams, coaches and the whole country wholeheartedly for all the support and love. #retirement pic.twitter.com/usOzxer9CE
— Yusuf Pathan (@iamyusufpathan) February 26, 2021
इस ऑलराउंडर खिलाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टि्वटर पर अपने संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा, ‘मैं अपने परिवार, दोस्तों, फैन्स, टीमों, कोचों और पूरे देश से मिले समर्थन और प्यार के लिए तहे दिल से धन्यवाद देता हूं. #रिटायरमेंट.’ अपने इस ट्वीट के साथ यूसुफ ने एक पेज की स्टेटमेंट के साथ सचिन तेंदुलकर से गले मिलते हुए 2011 वर्ल्ड कप और अपने भाई इरफान पठान के कंधे पर हाथ रखी हुई 2007 टी20 वर्ल्ड कप की तस्वीर भी साझा की है.
37 वर्षीय इस बल्लेबाज के इंटरनेशनल करियर की अगर बात करें तो टीम इंडिया में वह एक खालिस ऑल राउंडर खिलाड़ी के रूप में खेले जहां उन्होंने बैट के साथ-साथ बॉल से भी कई बार अपने खास प्रदर्शन से छाप छोड़ी. 41 वनडे पारियों में उनके नाम 27 की औसत से 810 रन हैं, जिसमें 3 फिफ्टी और 2 शतक भी शामिल हैं.
उन्होंने भारतीय टीम के लिए अपनी ज्यादातर पारियां बतौर फिनिशर्स ही खत्म की हैं. इसके अलावा उन्होंने 33 विकेट भी अपने नाम किए हैं. वहीं इस ऑल राउंडर खिलाड़ी ने 18 टी20i पारियों में 146.58 के स्ट्राइक रेट से कुल 236 रन ठोके हैं और इस फॉर्मेट में 13 विकेट भी नाम किए हैं.