ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कब रवाना होगी टीम इंडिया ? आया बड़ा अपडेट
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली और उपकप्तान श्रेयस अय्यर टीम की रवानगी से पहले दिल्ली में टेस्ट टीम के सदस्यों से जुड़ेंगे.
Published On Oct 08, 2025, 06:29 PM IST
Last UpdatedOct 08, 2025, 06:29 PM IST
Indian ODI Team
India Tour of Australia: भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन मैचों की वनडे और पांच मैचों की टी-20 सीरीज में आमने-सामने होगी. 19 अक्टूबर को वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जाना है. इस सीरीज को लेकर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के लिए कब रवाना होगी, इसे लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.
भारत की एक दिवसीय क्रिकेट टीम दो अलग अलग जत्थों में 15 अक्टूबर को दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी और यात्रा का अंतिम कार्यक्रम टिकटों की उपलब्धता और व्यवस्था पर निर्भर करेगा. भारत को आस्ट्रेलिया में तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने हैं.
दिल्ली में टेस्ट टीम के सदस्यों से जुड़ेंगे विराट और रोहित
बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार खिलाड़ियों का एक समूह सुबह रवाना होगा जबकि अगला समूह शाम को जायेगा, लंबी दूरी की उड़ान के लिये बिजनेस श्रेणी के टिकटों की उपलब्धता पर यह निर्भर करेगा. पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली और उपकप्तान श्रेयस अय्यर टीम की रवानगी से पहले दिल्ली में टेस्ट टीम के सदस्यों से जुड़ेंगे.
एक सूत्र ने बताया, विराट और रोहित रवानगी के दिन या एक दिन पहले दिल्ली पहुंचेंगे, टीम यहां से पर्थ रवाना होगी जहां 19 अक्टूबर को पहला वनडे खेला जाना है, अगर अभी चल रहे घरेलू या अंतरराष्ट्रीय मैच समय से पहले खत्म हो जाते हैं तो वनडे टीम में शामिल खिलाड़ियों को अपने घर जाने के लिये छोटा ब्रेक मिल सकता है.
भारतीय टीम 10 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा और आखिरी टेस्ट खेलेगी. चयनकर्ताओं ने एक बड़े फैसले में रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी है, विराट और रोहित हालांकि टीम का हिस्सा हैं, इस बीच मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पूरी टीम को राजिंदर नगर स्थित अपने आवास पर डिनर के लिये आमंत्रित किया है.