×

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शनिवार को होगा भारतीय टीम का ऐलान, किसे मिल सकती है जगह

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 20 दिसंबर को मुंबई में होगा. इसके साथ ही अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए टीम चुनी जाएगी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 19, 2025 9:51 AM IST

टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार, 20 दिसंबर को होगा. मुंबई में बीसीसीआई के हेडक्वॉर्टर में सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में इस पर फैसला किया जाएगा. मुख्य ध्यान टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनने पर होगा. साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों के लिए भी टीम चुनी जाएगी. इसके बाद दोपहर एक बजकर तीस मिनट पर बीसीसीआई प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब देंगे.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कब होगा भारतीय टीम का ऐलान

सिलेक्शन कमिटी 20 जनवरी शनिवार को टीम का ऐलान करेगी. कमिटी की कोशिश निरंतरता बनाए रखने की होगी. न्यूजीलैंड के लिए जिस टीम का ऐलान होगा लगभग वही टीम टी20 वर्ल्ड कप में भी खेलेगी. टीम में बहुत ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.

हालांकि आईसीसी को 15 सदस्यीय टीम का नाम पहले ही सौंपना होता है लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उसमें बदलाव किया जा सकता है. इससे टीम प्रबंधन को चोटिल खिलाड़ियों का रिप्लेसमेंट और टूर्नामेंट से पहले किसी खिलाड़ी के फॉर्म को देखते हुए फैसला लेने में मदद मिलती है.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे इंटरनेशनल और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. जनवरी में इस सीरीज के बाद 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच टी20 वर्ल्ड कप होगा.

क्या है टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का शेड्यूल


भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की गत विजेता है. और साथ ही इस बार टूर्नामेंट का संयुक्त आयोजन भी भारत में हो रहा है. भारत का पहला मैच भी सात फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुंबई में होगा. इसके बाद 12 फरवरी को भारत दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ खेलेगा. 15 तारीख को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान का मैच होगा. 18 फरवरी को भारत अपना आखिरी लीग मैच अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेलेगा.

सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल का फॉर्म चिंता का सबब

भारतीय टीम इस समय टी20 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. टीम लगातार 13 द्विपक्षीय सीरीज जीत चुकी है. लेकिन टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल का फॉर्म चिंता का सबब है. हालांकि टीम में उनकी जगह को लेकर कोई संकट नजर नहीं आता.

TRENDING NOW

क्या संजू सैमसन को मिलेगी जगह

सवाल यह है कि क्या संजू सैमसन इस टीम में जगह बना पाएंगे. अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली सिलेक्शन कमिटी इस विकेटकीपर बल्लेबाज को 15 सदस्यीय टीम में चुनेगी या नहीं इसका जवाब कल ही मिल पाएगा. सैमसन टीम में नियमित तौर पर अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं.