add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

अंडर-19 विश्व कप के लिए हुई भारतीय टीम घोषित, ईशान किशन होंगे कप्तान

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2016 में 48 मैच खेले जाएंगे। ये सारे मैच बांग्लादेश के चार शहरों में स्थित 8 स्थानों पर खेले जाएंगे।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - December 22, 2015 5:01 PM IST

भारत अंडर- 19 विश्व कप को अब  तक तीन बार जीत चुका है © Getty Images
भारत अंडर- 19 विश्व कप को अब तक तीन बार जीत चुका है © Getty Images

मंगलवार 22 दिसंबर को अगले साल बांग्लादेश में खेले जाने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई। भारतीय टीम का कप्तान ईशान किशन को बनाया गया है वहीं रिषभ पंत को उप-कप्तान बनाया गया है। इस टीम में सरफराज खान, अवेश खान, रिकी भुई और अरमान जाफर को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। हाल ही में भारत की अंडर-19 टीम ने श्रीलंका की सरजमीं पर आयोजित की गई त्रिकोणीय श्रृंखला में यादगार जीत दर्ज की है। इस टूर्नामेंट में अन्य दो टीमें श्रीलंका और इंग्लैंड की थीं। उम्मीद की जा रही है कि भारतीय टीम यही प्रदर्शन अगले साल बांग्लादेश में खेले जाने वाले विश्व कप में भी जारी रखेगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) ने इसी माह 7 दिसंबर को टूर्नामेंट का शेड्यूल घोषित किया था, जिसमें बताया गया था कि पूरे टूर्नामेंट में 48 मैच खेले जाएंगे। ये सारे मैच बांग्लादेश के चार शहरों में स्थित 8 स्थानों पर खेले जाएंगे। जिन चार शहरों में आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का आयोजन किया जाना है उनके नाम सिलहेट, चिटगांव, ढाका, और कोक्स बाजार है। टूर्नांमेंट का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट पूरे 19 दिनों तक चलेगा। सुपर लीग सेमीफाइनल व टूर्नामेंट के फाइनल के लिए रिजर्व दिन रखे गए हैं और खेल हर रोज सुबह 9.30 बजे शुरू होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मीरपुर, ढाका के शेरे-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अंडर-19 विश्व कप का आयोजन पहली बार साल 1988 में किया गया था। भारत इस टूर्नामेंट को तीन बार(2000, 2008, और 2012) , ऑस्ट्रेलिया दो बार(1988 और 2002), पाकिस्तान(2004 और 2006) जीत चुके हैं। इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट को 1998 में वहीं दक्षिण अफ्रीका ने इस टूर्नामेंट को 2014 में जीता था। आने वाले संस्करण में भारतीय टीम को डी ग्रुप में रखा गया है जिसमें उसके साथ ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और नेपाल होंगे। भारत इस दौरान दो वॉर्म अप मैच कनाडा और चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ क्रमशः जनवरी 23 और 25 जनवरी को खेलेगा। ग्रुप मैचों में भारत अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया से मीरपुर में भिड़ेगा। दूसरा मैच भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 जनवरी को खेलेगा।

अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम- ईशान किशन(कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, सरफराज खान, अमनदीप खरे, अनमोलप्रीत सिंह, अरमान जाफर, रिकी भुई, मयंक डागर, जीशान अंसारी, महिपाल लमरोर, अवेश खान, शुभम मावी, खलील अहमद, राहुल बाथम।