- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India’s two Test tour of Sri Lanka starts August 15
श्रीलंका ने जारी किया भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज का शेड्यूल, जानें कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले ?
श्रीलंका सीरीज के बाद भारत इस साल नवंबर-दिसंबर में दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का दौरा भी करेगा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 प्वॉइंट्स टेबल में भारतीय टीम पांचवें पायदान पर है.
Published On Jul 02, 2026, 04:50 PM IST
Last UpdatedJul 02, 2026, 04:50 PM IST
SL VS IND Test Series
SL VS IND Test Series: श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने भारत के खिलाफ होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया है. अगस्त में भारत और श्रीलंका की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 के तहत दो टेस्ट मैच खेलेंगे. यह सीरीज 15 से 27 अगस्त के बीच खेली जाएगी.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को घोषणा की कि मेजबान श्रीलंका के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैच की सीरीज 15 से 27 अगस्त के बीच गॉल और कोलंबो में खेली जाएगी. एसएलसी के बयान के अनुसार यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है, पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी में होगा.
नौ साल बाद श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलेगी. भारत ने पिछली बार 2017 में टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा किया था, विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया था.
WTC प्वॉइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है श्रीलंका की टीम
भारत दो बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा है लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाया. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 के मौजूदा चक्र में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर है जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है.
टीम इंडिया के लिए भी मुश्किल है WTC फाइनल की राह
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज जीतने से पहले इंग्लैंड में 2-2 से ड्रॉ खेलकर शुभमन गिल की कप्तानी के दौर की अच्छी शुरुआत की थी. हालांकि पिछले साल साउथ अफ्रीका ने भारत को उसी की सरजमीं पर बुरी तरह हराया था जिससे बल्लेबाजों की स्पिन खेलने की क्षमता पर गंभीर सवाल उठे थे. श्रीलंका सीरीज के बाद भारत इस साल नवंबर-दिसंबर में दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का दौरा भी करेगा.