बाबर आजम की कप्तानी पर बड़ी बात बोल गए इंजमाम

बाबर के नेतृत्व में पाकिस्तान ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले गए T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी.

Edited By : Vanson Soral |Aug 10, 2023, 02:46 PM IST

Published On Aug 10, 2023, 02:46 PM IST

Last UpdatedAug 10, 2023, 02:46 PM IST

Babar Azam- Pakistan Cricket

PIC Credit- Pakistan Cricket

Pakistan Cricket Team: एशिया कप 2023 से पहले मुख्य चयनकर्ता के रूप में वापसी करने के बाद इंजमाम-उल-हक ने अफगानिस्तान सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम की घोषणा की. साथ ही एशिया कप 2023 के लिए भी टीम का ऐलान किया गया. एशिया कप के लिए 17 सदस्यीय टीम चुनी गई है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए 18 सदस्यीय टीम चुनी है, जिसमें सऊद शकील ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो एशिया कप का हिस्सा नहीं होंगे.

बुधवार को वनडे सीरीज से पहले संवाददाता सम्मेलन में जब मुख्य चयनकर्ता इंजमाम से टीम के कप्तान बाबर के भविष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कहा कि पाकिस्तान में सभी प्रारूपों के लिए एक ही कप्तान होना चाहिए. सरफराज अहमद के उत्तराधिकारी बाबर 2020 से वनडे टीम की कप्तानी कर रहे हैं. बाबर की कप्तानी में पाकिस्तान ने 26 में से 17 वनडे मैच जीते हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बाबर आजम बेहतरीन कप्तान

इंजमाम उल हक ने कहा, “देखिए, कप्तानी में बहुत ज्यादा बदलाव अच्छा नहीं है. मुझे लगता है कि बाबर बेहतरीन कप्तानी कर रहे हैं और जब मैं पहले मुख्य चयनकर्ता था तो सरफराज अहमद तीनों फॉर्मेट के कप्तान नहीं थे, लेकिन बाद में वह तीनों फॉर्मेट के कप्तान बन गए. इसलिए, मुझे लगता है कि तीनों फॉर्मेट का एक ही कप्तान होना चाहिए, अगर वह तीनों फॉर्मेट में खेलता है. इसलिए उन्हें पता होना चाहिए कि उन्हें अपने खिलाड़ियों को कैसे आगे ले जाना है. लेकिन, कप्तानी मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं आती है.”

बाबर के नेतृत्व में पाकिस्तान ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में खेले गए T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी. बाबर एंड कंपनी ने तब वर्ल्ड कप में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत पर पाकिस्तान की पहली जीत भी दर्ज की थी. अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑलराउंडर फहीम अशरफ ने पाकिस्तान टीम में वापसी की है.

वर्ल्ड कप पर पाकिस्तान का ध्यान

बता दें, पाकिस्तान 22, 24 और 26 अगस्त को श्रीलंका में अफगानिस्तान से भिड़ेगा. पाकिस्तान और श्रीलंका 30 अगस्त से 17 सितंबर तक होने वाले एशिया कप की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं. चूंकि भारत ने अपनी टीम पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था, इसलिए पाकिस्तान को केवल चार मैचों की मेजबानी मिली है. इंजमाम ने आगे कहा, “हमने वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों का चयन किया है और उम्मीद है कि टीम देश का नाम रोशन करेगी.”

एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम: अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, तैयब ताहिर, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी.

अफगानिस्तान सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम: अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, तैयब ताहिर, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान (उप कप्तान), मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी

Editor's Pick