- Home
- News
- IPL 2017: Gautam Gambhir believes pressure of playing T20 cricket will make Kuldeep Yadav better
आईपीएल का दबाव कुलदीप को बेहतर क्रिकेटर बनाएगा: गौतम गंभीर
कोलकाता नाइट राइडर्स को पहला मैच सात अप्रैल को गुजरात लायंस के खिलाफ खेलना है।
Published On Mar 29, 2017, 10:59 AM IST
Last UpdatedMar 29, 2017, 10:59 AM IST

चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने टेस्ट करियर की शानदार शुरूआत की जिसके बाद कई दिग्गजों का ये कहना था कि इस युवा खिलाड़ियों को आईपीएल से दूर रखा जाना चाहिए लेकिन उनकी फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर का मानना है कि टी20 से वह और भी बेहतर क्रिकेटर ही बनेगा। गंभीर एक हफ्ते बाद शुरू होने वाले आईपीएल में कुलदीप के कप्तान होंगे और उन्हें विश्वास है कि उत्तर प्रदेश का यह स्पिनर बढ़े आत्मविश्वास के साथ आईपीएल में उतरेगा। उन्होंने कहा, “मैं कुलदीप के लिये बहुत खुश हूं और उसे तीनों प्रारूपों में खेलते हुए देखना चाहता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि धर्मशाला टेस्ट मैच में अच्छे प्रदर्शन से उसे जो लय मिली है वह उसके साथ ही आईपीएल में उतेरगा।”
गंभीर से जब पूछा गया कि क्या कुलदीप को आईपीएल से बाहर रखने की जरूरत है क्योंकि कुछ खराब मैच से उनका आत्मविश्वास डगमगा सकता है, उन्होंने कहा, ‘‘मैं ऐसा नहीं मानता क्योंकि दबाव से आप अच्छे इंसान और क्रिकेटर बनते हो। आपके पास कौशल होने क्या मतलब अगर आप उसे अलग-अलग प्रारूपों में नहीं आजमाते है।’’गंभीर का मानना है कि कुलदीप जितना ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलेगा छोटे फॉर्मेट में उसका प्रदर्शन और बेहतर होता रहेगा। गंभीर ने कई दिग्गज खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा, “अनिल भाई अनोखे खिलाड़ी थे, और सहवाग, युवराज, तेदुंलकर और विराट भी उन्ही के जैसे हैं। इन खिलाड़ियों को आराम की नहीं बल्कि नई चुनौंतियों की जरूरत होती है।” गंभीर ने आगे कहा, “मुझे उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के आखिर में पर्पल कैप का विजेता बनेगा। अब मुझे इससे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है।” [ये भी पढ़ें: आईपीएल 2017: दसवें सत्र का पूरा शेड्यूल]
कोलकाता टीम दो बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी है और इस बार टीम की नजर अपने तीसरे खिताब पर है। आपको बता दे कि अब तक कोई भी टीम तीन बार ट्रॉफी पर कब्जा नहीं कर पाई है। कोलकाता इस साल की सबसे पसंदीदा टीमों में से एक है।