धोनी का 'चमत्कार' देख उनके सजदे में झुका दुनिया का नंबर वन गेंदबाज
माही भाई के साथ खेलना फक्र की बात-इमरान ताहिर
Published On Apr 23, 2017, 09:45 PM IST
Last UpdatedApr 23, 2017, 09:45 PM IST

दुनिया के नंबर एक वनडे और टी-20 गेंदबाज गेंदबाज इमरान ताहिर एम एस धोनी के मुरीद बन गए हैं। आईपीएल 10 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए धोनी की मैच जिताऊ तूफानी पारी ने इमरान ताहिर को धोनी का फैन बना दिया है। इमरान ताहिर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा ‘धोनी की पारी के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं हैं, जैसा कि आप सब जानते हैं कि वो ऐसे ही हालातों के खिलाड़ी हैं, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी पारी अविश्वसनीय थी। मैं और पूरी टीम जोश में है और हमें उम्मीद है कि धोनी के बल्ले से ऐसी ही और पारियां देखने को मिलेगी।’
दरअसल एम एस धोनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी पारी खेली थी। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में एक वक्त ऐसा था कि पुणे सुपरजायंट्स की टीम लगभग मैच हार चुकी थी। पुणे को 18 गेंद में 47 रन बनाने थे और सामने था भुवनेश्वर कुमार जैसा गेंदबाज जिसने इस सीजन में डेथ ओवर में कमाल की गेंदबाजी की थी लेकिन बावजूद इसके एम एस धोनी ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए जीत की विजय पताका फहरा दी। धोनी ने 34 गेंद में नाबाद 61 रन बनाए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। ये भी पढ़ें-मैदान मारने का माही प्लान !
धोनी की ये पारी देखकर उनके साथी खिलाड़ी इमरान ताहिर ने कहा ‘धोनी के साथ खेलना मेरे लिए सम्मान की बात है। धोनी बहुत ही शानदार शख्सियत के मालिक हैं। मैं धोनी से ज्यादा से ज्यादा बात करने की कोशिश करता हूं क्योंकि उन्हें खासा अनुभव है। मैं धोनी के साथ बिताए हर लम्हे का लुत्फ उठा रहा हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि धोनी के साथ खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है और मैं आईपीएल का शुक्रिया अदा करता हूं कि मुझे यहां धोनी के साथ खेलने का मौका मिला है।’