राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के साथ कल जुड़ेंगे स्टीवन स्मिथ
स्टीवन स्मिथ इस बार राइजिंग पुणे सुपरजाइंट की कप्तानी करेंगे
Published On Mar 29, 2017, 05:11 PM IST
Last UpdatedMar 29, 2017, 05:11 PM IST

भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अब स्टीवन स्मिथ की नजरें आईपीएल-10 में गड़ गईं हैं। स्मिथ को इस सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट ने अपनी टीम का कप्तान घोषित किया है। स्मिथ को महेंद्र सिंह धोनी के स्थान पर टीम का कप्तान बनाया गया है। स्मिथ कल पुणे की टीम के साथ जुड़ेंगे। स्मिथ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फोटो डालते हुए लिखा, ”मैं कल राइजिंग पुणे सुपरजाइंट टीम के साथ जुड़ जाऊंगा, ये काफी मनोरंजक होगा।” पुणे के प्रशंसकों को उम्मीद है कि स्मिथ की कप्तानी में इस बार टीम टूर्नामेंट में लंबा सफर तय करेगी। ये भी पढ़ें: दूसरे सीजन में पहला खिताब जीतने पर होंगी गुजरात लॉयंस की नजरें
धोनी की कप्तानी में पिछले सीजन में पुणे टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और टीम को सातवें स्थान पर रहना पड़ा था। लेकिन इस बार टीम का नेतृत्व स्मिथ के पास है और टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि युवा कप्तान के नेतृत्व में टीम इस बार पिछले प्रदर्शन को भुलाकर अच्छा करेगी। पुणे की टीम ने इस बार बेन स्टोक्स जैसे दिग्गज ऑलराउंडर को भारी भरकम राशि देकर खरीदा है। स्टोक्स के लिए पुणे ने 14.5 करोड़ रुपये खर्च किए थे। ऐसे में टीम को स्टोक्स से भी काफी उम्मीदें होंगी। वहीं पुणे के लिए ये अच्छी खबर है कि हाल ही में संपन्न टेस्ट सीरीज में उनके कप्तान के बल्ले से जमकर रन निकले थे और उन्होंने 3 शतक ठोके थे। ऐसे में स्मिथ का फॉर्म में होना टीम के लिए वाकई अच्छी खबर साबित हो सकती है। स्मिथ ने अब तक के आईपीएल करियर में 54 मैचों में 36.02 की औसत और 135.87 के स्ट्राइक रेट के साथ 1,231 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं।