पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता, सिर्फ आईपीएल में लगाना चाहता हूं ध्यान: रिद्धिमान साहा
रिद्धिमान साहा ग्लेन मैक्सवेल की कप्तानी में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से खेलते नजर आएंगे
Published On Mar 30, 2017, 10:32 AM IST
Last UpdatedMar 30, 2017, 10:32 AM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के बीच जमकर तनातनी देखने को मिली थी। लेकिन अब दोनों देशों के खिलाड़ी आईपीएल में एक साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करते नजर आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले रिद्धिमान साहा भी आईपीएल में पंजाब की तरफ से खलेते नजर आएंगे। पंजाब के कप्तान ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। मैक्सवेल ने हाल ही में टेस्ट सीरीज में विराट कोहली की चोट का मजाक बनाया था। अब उन्हीं मैक्सवेल की कप्तानी में साहा अपना जलवा बिखेरेंगे। साहा पंजाब के साथ जुड़ने के लिए पंजाब पहुंच गए हैं। ये भी पढ़ें: राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के साथ कल जुड़ेंगे स्टीवन स्मिथ
साहा ने कहा, ”मैं पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होने के नाते हमें आगे बढ़ते रहना चाहिए। हमें देखना होगा और टीम प्रबंधनों के निर्देशों का इंतजार करना होगा। मैं खेल के हर फॉर्मेट में छींटाकशी का लुत्फ उठाता हूं, फिर चाहे वो घरेलू मैचों में ही क्यों ना हों।” विराट कोहली के ऑस्ट्रेलिया के साथ दोस्ती वाले बयान पर साहा ने कहा, ”ये उनका अपना मत हो सकता है।” हालांकि साहा विराट कोहली पर ब्रेड हॉज की टिप्पणी से नाखुश दिखे और उन्होंने कहा, ”ये बकवास है, कोहली को हमेशा एक्शन में रहना अच्छा लगता है। भले ही वो मैदान पर ना रहें, लेकिन वह मैच से जुड़े रहते हैं।” आपको बता दें कि साहा के अलावा मुरली विजय भी पंजाब किंग्स इलेवन का हिस्सा हैं। दोनों ही खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम में शामिल थे। पंजाब को अपना पहला मुकाबला 8 अप्रैल को राइजिंग पुणे सुपरजाइंट के खिलाफ खेलना है। दोनों के बीच यह मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।